Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के दिलशाद गार्डन स्थित गुरु तेग बहादुर अस्पताल में बड़ा हादसा हुआ है। अस्पताल के वार्ड नंबर 27 में अचानक छत से सीलिंग फैन उखड़कर गिर गया। हादसे के दौरान वार्ड में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों के बीच डर का माहौल बन गया।
हादसे के समय क्यूबिकल में एक गंभीर मरीज लाइफ सपोर्ट पर भर्ती था। अगले दिन रविवार दोपहर को उस मरीज की मौत हो गई। हालांकि अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज को कोई बाहरी चोट नहीं आई थी और उसकी जान पहले से मौजूद गंभीर बीमारियों के कारण ही गई है।
लोक निर्माण विभाग की टीम ने बदला खराब पंखा
अस्पताल से जारी बयान के अनुसार यह घटना 18 जुलाई की रात करीब साढे नौ बजे हुई थी। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की मेंटेनेंस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने प्रभावित हिस्से को सुरक्षित किया और उखड़े हुए पंखे को हटाकर नया सीलिंग फैन लगा दिया।
घटना की जांच में सामने आया कि पंखे की शाफ्ट अचानक टूट गई थी। इसी मैकेनिकल खराबी की वजह से यह हादसा हुआ। अस्पताल प्रशासन ने इसे बेहद असामान्य मामला बताया है। इस खराबी के असली कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
अस्पताल प्रशासन ने दी मरीज की सेहत पर सफाई
प्रशासन ने साफ किया कि हादसे के वक्त मरीज बेहोश था। मरीज हाइपरटेंशन, स्ट्रोक और निमोनिया जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहा था। घटना के तुरंत बाद डॉक्टरों ने मरीज की जांच की थी, लेकिन शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले थे।
19 जुलाई की दोपहर मरीज की सांसें थम गईं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मौत का कारण रेस्पिरेटरी फेलियर था और इसका पंखा गिरने से कोई लेना-देना नहीं है। जरूरी प्रक्रिया पूरी करके शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रशासन ने सुरक्षा का पूरा भरोसा दिया है।