Delhi News: सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने राजधानी दिल्ली में प्रेस को संबोधित करते हुए एक बड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर सरकार उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं करती है तो वे दोबारा आंदोलन शुरू करेंगे. इसके साथ ही उन्होंने अभिनेत्री कंगना रनौत के बयान पर पलटवार किया.
दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि अगर सरकार स्थिति में सुधार नहीं करती है तो आंदोलन बहुत जल्द फिर से शुरू किया जाएगा. दीपके के इस बयान को सरकार के खिलाफ एक सीधी चेतावनी माना जा रहा है. उन्होंने जोर देकर कहा कि जनहित की मांगों को अनदेखा करना गलत है.
कंगना रनौत की टिप्पणी पर अभिजीत दीपके का पलटवार
दीपके ने कहा कि जब सरकार अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटेगी तो सड़कों पर उतरना ही एकमात्र रास्ता बचेगा. उन्होंने जेन जी युवाओं पर भाजपा सांसद कंगना रनौत की टिप्पणी पर भी जवाब दिया. जब मीडिया ने उनसे कंगना के बयान के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, ‘उन्हें गंभीरता से लेता भी कौन है?’
भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद विवाद काफी बढ़ गया है. हिमाचल प्रदेश के मंडी से लोकसभा सांसद कंगना ने जंतर-मंतर पर सीजेपी के छात्र आंदोलन में शामिल प्रदर्शनकारियों की आलोचना की थी. उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रदर्शन से जुड़ी वीडियो फुटेज साझा की थी.
कंगना रनौत ने अपनी पोस्ट में आंदोलनकारी जेन-जी युवाओं को कथित तौर पर गटर कहा था. उन्होंने लिखा था कि प्रदर्शनों से जुड़े वीडियो देखकर उबकाई आती है. कंगना ने जंतर-मंतर पर हुए इस छात्र विरोध-प्रदर्शन के दृश्यों को गंदगी, कचरे और भद्देपन का प्रदर्शन करार दिया था.