Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नीट पेपर लीक और शिक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार के विरोध में ‘कॉकरोach जनता पार्टी’ (सीजेपी) का आंदोलन सोमवार को उग्र हो गया। हजारों की संख्या में छात्र और उनके अभिभावक जंतर-मंतर से संसद की ओर कूच करने के लिए एकत्र हुए थे।
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड्स लगाए और स्थिति बिगड़ने पर आंसू गैस के गोले छोड़े तथा लाठीचार्ज किया। इस कार्रवाई के दौरान सड़कों पर भगदड़ मच गई। मौके पर बिखरी चप्पलें, रोते-बिलखते छात्र और घायलों की तस्वीरें दिनभर की उथल-पुथल की गवाही दे रही थीं।
सोशल मीडिया पर झलका छात्रों और परिजनों का गुस्सा
सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें छात्र अपने दर्दनाक अनुभव साझा कर रहे हैं। एक 16 वर्षीय प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि मार्च में आगे चलने के दौरान उस पर लाठियां बरसाई गईं। वहीं एक मां ने बताया कि पति के पुलिस में होने के बावजूद वह बेटे के भविष्य के लिए प्रदर्शन में शामिल हुई थीं ।
लाठीचार्ज के बाद भी जंतर-मंतर पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। रात में बिजली काट दिए जाने के बावजूद सैकड़ों छात्र अंधेरे में धरने पर बैठे रहे। सीजेपी के प्रतिनिधियों ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से वार्ता की, लेकिन वार्ता में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर कोई सहमति नहीं बन सकी ।