कनाडा के शहर एडमंटन स्थित गुरुद्वारे में हमला, पेचकस से हमले में दो लोग घायल

Share

- Advertisement -

Edmonton News: कनाडा के एडमंटन शहर में एक गुरुद्वारे के भीतर अचानक हुए हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. हमलावर ने पेचकस से हमला किया था, जिसे वारदात से ठीक एक दिन पहले ही जेल से रिहा किया गया था.

यह घटना शुक्रवार, 21 अगस्त की सुबह एडमंटन के नानकसर गुरुद्वारा गुरसिख टेंपल में हुई. एडमंटन पुलिस सेवा (ईपीएस) के अनुसार आरोपी गुरुद्वारे में जबरन घुसने की कोशिश कर रहा था. गुरुद्वारा कर्मचारियों द्वारा रोके जाने पर आरोपी ने विवाद शुरू कर दिया और हमला बोल दिया.

स्थानीय मीडिया के अनुसार घटना के समय दरबार हॉल में सुबह की अरदास चल रही थी और काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे. नानकसर गुरुद्वारा के उपाध्यक्ष जोरा ग्रेवाल ने बताया कि आरोपी ने गुरुद्वारे के ग्रंथी और वहां लंबे समय से सेवा कर रहे एक बुजुर्ग पर वार किया.

हमले में घायल हुए 75 वर्ष और 51 वर्ष के दो व्यक्तियों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. गुरुद्वारे में मौजूद लोगों ने जब हमलावर को काबू करने की कोशिश की, तो उसने उन पर भी पेचकस से वार करने का प्रयास किया.

वारदात के बाद पुलिस और फॉरेंसिक जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं. एडमंटन पुलिस के अफसर एरिक स्टीवर्ट ने बताया कि 27 वर्षीय आरोपी का साल 2015 से ही हिंसक आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उसे 20 अगस्त को ही जेल से छोड़ा गया था.

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और एडमंटन के मेयर एंड्रयू नॉक ने इस हिंसक घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है. पुलिस फिलहाल इस पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रही है कि क्या यह हमला किसी धार्मिक नफरत की वजह से अंजाम दिया गया था.

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News