State Election News: आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। संवेदनशील और दुर्गम क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए 70 से अधिक अर्द्धसैनिक कंपनियों, करीब 10 हजार बाहरी होमगार्ड, लगभग 50 हजार चुनाव कार्मिकों और 20 हजार से अधिक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की योजना बनाई जा रही है।
आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा मजबूत रखने के लिए केंद्र सरकार से अर्द्धसैनिक बलों की 70 से अधिक कंपनियां मांगी जाएंगी। इसके साथ ही दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश से लगभग 10 हजार होमगार्ड लेने की तैयारी है।
प्रदेश में अगले वर्ष चुनाव होने हैं। चुनाव की वास्तविक तिथियां आचार संहिता लागू होने के साथ तय होंगी, लेकिन मुख्य राज्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए प्रदेश में बड़े स्तर पर कार्मिकों और सुरक्षा बलों की तैनाती की कार्ययोजना बन रही है। मतदान से लेकर मतगणना तक अलग-अलग जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए करीब 50 हजार कार्मिकों को तैनात किया जाएगा।
सुरक्षा बल और बाहरी राज्यों से होमगार्ड की तैनाती
कानून-व्यवस्था बनाए रखने, मतदान केंद्रों की सुरक्षा और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के लिए 20 हजार से अधिक सुरक्षा कर्मियों को लगाया जाएगा। प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम क्षेत्रों में बने मतदान केंद्रों को देखते हुए सुरक्षा बलों की उपलब्धता अहम मानी जा रही है।
इन चुनावों में प्रदेश पुलिस के लगभग 15 हजार जवान तैनात होंगे। केंद्र से मिलने वाले अर्द्धसैनिक बलों के अतिरिक्त दूसरे राज्यों से होमगार्ड मंगाए जा रहे हैं। बाहरी राज्यों से आने वाले होमगार्ड को स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा।
सी-विजिल एप और बूथों पर निगरानी व्यवस्था
चुनाव के दौरान आचार संहिता के पालन पर नजर रखने के लिए सी-विजिल एप को सक्रिय किया जाएगा। इस एप के माध्यम से कोई भी व्यक्ति आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ी जानकारी दे सकेगा।
प्रदेश में चुनाव के दौरान हर बूथ पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। आयोग की टीमों के लिए इस्तेमाल होने वाले वाहनों पर जीपीएस लगाया जाएगा ताकि उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इसके साथ ही मतदान केंद्रों से मतदान का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि चुनावों के मद्देनजर अभी से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की आवश्यकता को लेकर केंद्र को पत्र भेज दिया गया है और अन्य कार्य भी किए जा रहे हैं।