Chandigarh News: केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 8वें वेतन आयोग से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। आयोग ने सितंबर 2026 में चंडीगढ़ में हितधारकों के साथ बैठक करने की घोषणा की है। इस बैठक में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के प्रतिनिधि अपनी मांगें रख सकेंगे।
चंडीगढ़ में बैठक के लिए 25 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन
आयोग से मिलने के इच्छुक कर्मचारी संगठनों, पेंशनर संघों और व्यक्तिगत हितधारकों को 25 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ मेमोरेंडम जमा करने पर मिलने वाली यूनिक मेमो आईडी देना अनिवार्य है। आवेदन स्वीकार होने के बाद आयोग बैठक की तारीख और जगह की जानकारी देगा।
सैलरी स्ट्रक्चर और फिटमेंट फैक्टर जैसे अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों और पेंशनर्स से सीधे सुझाव प्राप्त करना है। इस दौरान सैलरी स्ट्रक्चर, फिटमेंट फैक्टर, पेंशन, प्रमोशन, भत्ते और सेवा शर्तों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। इन सुझावों के आधार पर ही आयोग अपनी अंतिम सिफारिशें तैयार कर सरकार को सौंपेगा।
देश के विभिन्न शहरों में आयोजित की जा रही हैं बैठकें
चंडीगढ़ से पहले आयोग 7 से 10 अगस्त तक नई दिल्ली में बैठकें करेगा। इसके बाद सितंबर में चेन्नई और पुडुचेरी में भी चर्चा का आयोजन किया जाएगा। अन्य राज्यों के हितधारकों के लिए अलग चरण में बैठकें होंगी। आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को 18 महीने की समय सीमा के साथ हुआ था।