Saputara News: गुजरात में पर्यटन की बात आते ही आमतौर पर कच्छ का रण या सोमनाथ और द्वारकाधीश जैसे ऐतिहासिक मंदिरों का ध्यान आता है। बेहद कम लोग जानते हैं कि गुजरात में एक खूबसूरत हिल स्टेशन भी मौजूद है। सह्याद्री पर्वतमाला में बसा सापुतारा प्रकृति प्रेमियों के लिए बेहद आकर्षक विकल्प है।
सापुतारा राज्य के डांग जिले में समुद्र तल से लगभग 1,000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। हरे-भरे जंगलों और शांत वातावरण के बीच बसा यह स्थान सुहावने मौसम के लिए पहचाना जाता है। सापुतारा का शाब्दिक अर्थ ‘सांपों का घर’ होता है और यह नाम सर्पगंगा नदी से भी जुड़ा हुआ है।
धार्मिक मान्यता और भगवान श्री राम का जुड़ाव
प्राकृतिक सुंदरता के अलावा सापुतारा का धार्मिक महत्व भी काफी गहरा है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्री राम ने अपने 14 वर्षों के वनवास काल में से करीब 11 वर्ष इसी क्षेत्र के जंगलों में बिताए थे। इस ऐतिहासिक और धार्मिक पृष्ठभूमि के चलते श्रद्धालु भी यहां बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।
पर्यटकों के लिए यहां वैली व्यू पॉइंट (सनराइज पॉइंट) और गांधी शिखर (सनसेट पॉइंट) प्रमुख आकर्षण हैं। इन जगहों पर पहुंचने के लिए पर्यटकों को छोटा सा ट्रेकिंग रूट तय करना होता है। इसके अलावा सापुतारा झील में रो बोट, पैडल बोट और सेलबोट जैसी नौकायन सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
गिरा जलप्रपात और ऐतिहासिक हटगढ़ किला
हिल स्टेशन से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी पर प्रसिद्ध गिरा जलप्रपात स्थित है। मानसून के दौरान और उसके ठीक बाद के महीनों में इस झरने की छटा देखते ही बनती है। पानी का तेज बहाव और चारों ओर फैली हरियाली पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है।
गुजरात और महाराष्ट्र की सीमा पर सापुतारा से महज 5 किलोमीटर दूर ऐतिहासिक हटगढ़ किला बना हुआ है। इस सैन्य किले का निर्माण 17वीं शताब्दी में छत्रपति शिवाजी महाराज ने निगरानी रखने के उद्देश्य से कराया था। यह किला इतिहास प्रेमियों के लिए आज भी आकर्षण का मुख्य केंद्र है।