Pilibhit News: पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र के साथ सैलानियों के अनुभव को यादगार और ज्ञानवर्धक बनाने के लिए ‘सुपर-15’ नाम से 15 सर्वश्रेष्ठ नेचर गाइडों की विशेष टीम बनाई जा रही है। ये गाइड पर्यटकों को सिर्फ बाघों के दीदार तक सीमित नहीं रखेंगे, बल्कि तराई के जंगल की जैव विविधता और वन्यजीवों के व्यवहार से भी रूबरू कराएंगे।
इसके लिए पीटीआर में तैनात 95 प्रशिक्षित नेचर गाइडों में से सर्वश्रेष्ठ 15 गाइडों की एक विशेष ब्रिगेड तैयार की जाएगी। ये विशेष गाइड अपनी कार्यशैली और ज्ञान के दम पर आम गाइडों से बिल्कुल अलग नजर आएंगे। सामान्य तौर पर सफारी के दौरान गाइड पर्यटकों को जंगल के रास्तों व वन्यजीवों की मौजूदगी की बुनियादी जानकारी देते हैं, लेकिन सुपर-15 में शामिल गाइडों की भूमिका इससे अलग होगी।
सुपर-15 गाइड क्या बताएंगे
ये गाइड सैलानियों को जंगल के अनछुए पहलुओं, वनस्पतियों, पारिस्थितिकी तंत्र और वन्यजीवों के व्यवहार से जुड़े रोचक व वैज्ञानिक तथ्यों की गहराई से जानकारी देंगे। विशिष्ट अतिथियों के आगमन पर इन्हीं गाइडों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही, निर्धारित अतिरिक्त शुल्क चुकाकर आम पर्यटक भी इन विशेषज्ञ गाइडों की सेवाएं ले सकेंगे। सुपर-15 में जगह बनाने के लिए गाइडों को कई पैमानों पर अपनी उपयोगिता साबित करनी होगी।
क्यूआर कोड से फीडबैक और त्रैमासिक समीक्षा
नई ग्रेडिंग व्यवस्था के तहत सभी सफारी वाहनों पर क्यूआर कोड वाला एक ई-फार्म उपलब्ध कराया जाएगा। सफारी समाप्त होने के बाद सैलानी इस डिजिटल माध्यम से गाइड के व्यवहार, संवाद शैली और जानकारी देने की क्षमता पर अपना फीडबैक दर्ज करेंगे, जो सीधे संबंधित अधिकारी तक पहुंचेगा।
सामाजिक वानिकी डीएफओ की अध्यक्षता में गठित समिति हर तीन माह में गाइडों के कार्यों की समीक्षा करेगी। इस मूल्यांकन में वन एवं वन्यजीवों के प्रति समझ, सफारी का अनुभव, वैज्ञानिक जानकारी और खुद को निरंतर अपडेट रखने जैसे मानकों को आधार बनाया जाएगा।
पीटीआर डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि पर्यटन अनुभव को बेहतर बनाने के लिए नवाचार के रूप में यह ग्रेडिंग व्यवस्था लागू की जाएगी। त्रैमासिक समीक्षा के परिणामों को आधार बनाते हुए अग्रिम निर्णय लिए जाएंगे।