Nainital News: ब्रिटिश काल में पहले हेल्थ रिसॉर्ट और फिर शिक्षा के प्रमुख केंद्र (एजुकेशन हब) के रूप में उभरा नैनीताल आज देश के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल है। 18 नवंबर 1841 को दुनिया के नक्शे पर आए इस शहर का सफर किसी ऐतिहासिक कहानी से कम नहीं है। हालांकि, समय के साथ अनियंत्रित पर्यटन, अंधाधुंध निर्माण और दरकती पहाड़ियों ने अब इस शहर के अस्तित्व के सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।
पीटर बैरन ने की थी शहर की खोज, 1857 की क्रांति के बाद बना सुरक्षित ठिकाना
नैनीताल को दुनिया के नक्शे पर लाने का श्रेय अंग्रेज यात्री पीटर बैरन को जाता है, जिन्होंने 18 नवंबर 1841 को इस खूबसूरत शहर की खोज की थी। इतिहासकार प्रो. अजय रावत बताते हैं कि अंग्रेज यहां की आबोहवा से इतने अधिक प्रभावित हुए कि उन्होंने इसे एक सुनियोजित नगर के रूप में बसाने की योजना बनाई। शहर के नगरीकरण का श्रेय कमिश्नर जॉर्ज लुशिंगटन को जाता है, जिन्होंने 1848 तक शहर के प्रमुख स्थानों पर अंग्रेजों और प्रभावशाली स्थानीय लोगों को निर्माण कार्य के लिए बड़े भूखंड लीज पर दिए।
प्रो. रावत के अनुसार, नैनीताल को अंग्रेजों की आरामगाह के रूप में विकसित किए जाने के पीछे 1857 की क्रांति का भी बड़ा योगदान रहा। हालांकि काली कुमाऊं में कालू माहरा ने इस क्रांति की आवाज उठाई थी, लेकिन नैनीताल पर विद्रोह का कोई असर नहीं पड़ा। इसके चलते अंग्रेज अधिकारियों और सैलानियों के लिए यह शहर एक सुरक्षित स्थल साबित हुआ और 20वीं सदी (1900 के दशक) से पर्यटन स्थल के रूप में शुरू हुआ इसका सफर आज भी जारी है।
1869 में पड़ी थी ‘एजुकेशन हब’ बनने की नींव
नैनीताल के शिक्षण संस्थान न केवल इसकी पहचान हैं, बल्कि स्थानीय लोगों के रोजगार का भी बड़ा माध्यम रहे हैं। इतिहासकार प्रो. रावत बताते हैं कि वर्ष 1869 में शहर को शिक्षा हब बनाने की नींव पड़ी, जब यहां शेरवुड कॉलेज और ऑल सेंट्स कॉलेज की स्थापना हुई। इसके बाद 1878 में सेंट मेरी और 1888 में सेंट जोसेफ कॉलेज स्थापित किए गए। उस दौर में देश भर से अंग्रेजों और संभ्रांत भारतीय परिवारों के बच्चे यहां शिक्षा ग्रहण करने आते थे। आजादी के बाद भी यहां कई प्रतिष्ठित स्कूल खोले गए।
अनियंत्रित निर्माण और भूस्खलन से बढ़ा खतरा
70 के दशक के बाद जब शहर में पर्यटन कारोबार ने तेजी पकड़ी, तो यहां अनियंत्रित निर्माण कार्य शुरू हो गए। पानी की निकासी के लिए बनाए गए नाले अतिक्रमण की जद में आ गए और सुरक्षित, असुरक्षित व ग्रीन लैंड क्षेत्रों का भी ध्यान नहीं रखा गया। सड़कों पर वाहनों के बढ़ते दबाव और बढ़ती आबादी के बीच प्रकृति से हुई इस छेड़छाड़ का नतीजा अब भूस्खलन के रूप में सामने आ रहा है। नयना पीक, टिफिन टॉप, बलियानाला, चार्टन लॉज, राजभवन रोड और सात नंबर क्षेत्रों में लगातार दरकती पहाड़ियां बड़े खतरे के संकेत दे रही हैं।
स्थापना दिवस पर डीएसए मैदान में विशेष आयोजन
शहर की खोज के दिन को नैनीताल के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर बुधवार को ताल चैनल और नैनीताल जन्मोत्सव समिति की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। आयोजक ईशा साह ने बताया कि डीएसए मैदान में दोपहर एक बजे से सर्वधर्म प्रार्थना सभा के साथ ही केक सेरेमनी आयोजित की जाएगी।