Delhi News: बालों को सुंदर बनाने के लिए लोग हर महीने पार्लर में केरेटिन ट्रीटमेंट और हेयर स्पा कराते हैं। इसके बावजूद कुछ समय बाद बाल फिर से रूखे और बेजान हो जाते हैं। अगर आप कम बजट में बालों को मजबूत और शाइनी बनाना चाहते हैं, तो यह घरेलू हेयर मास्क आपके बहुत काम आ सकता है।
हेयर पैक बनाने के लिए जरूरी सामग्री
घर पर यह असरदार हेयर पैक बनाने के लिए आपको खट्टी दही, नींबू का रस, आंवला पाउडर, रीठा पाउडर और शिकाकाई पाउडर की जरूरत होगी। इसके अलावा इस पैक में एलोवेरा जेल, अपनी पसंद का कोई भी तेल (जैसे सरसों या नारियल का तेल) और विटामिन ई कैप्सूल मिलाया जाता है।
इस हेयर पैक को बनाने के लिए एक बर्तन में अपनी बालों की लंबाई के हिसाब से दही लें। अब इसमें दो से तीन चम्मच आंवला पाउडर, शिकाकाई और रीठा पाउडर मिलाएं। इसके बाद आधा नींबू का रस, एलोवेरा जेल, एक विटामिन ई कैप्सूल का तेल और थोड़ा सा बालों का तेल डालकर अच्छे से मिक्स कर लें।
हेयर पैक लगाने का सही तरीका
तैयार हेयर पैक को रातभर के लिए ढंककर रख दें ताकि सभी सामग्रियों के पोषक तत्व आपस में अच्छी तरह मिल जाएं। सुबह इस मिश्रण को बालों की जड़ों से लेकर सिरों तक लगाएं। बेहतर परिणाम के लिए बालों में गर्म पानी से भीगी हुई तौलिया लपेट सकते हैं। इससे बाल सूखते नहीं हैं।
इस हेयर मास्क को सिर पर लगभग दो घंटे तक लगा रहने दें। इसके बाद बालों को सिर्फ सादे पानी से धो लें और उस दिन शैम्पू करने से बचें। अगले दिन ही बालों में शैम्पू करें। हफ्ते में एक बार इस पैक का इस्तेमाल करने से बालों में पहले दिन से ही चमक और नरमी दिखने लगेगी।