New Delhi News: आधुनिक रसोई में रेफ्रिजरेटर खाद्य पदार्थों को सुरक्षित रखने का मुख्य साधन बन चुका है। लोग बाजार से फल, सब्जियां या बचा हुआ भोजन लाते ही सीधे फ्रिज में रख देते हैं। हालांकि, हर चीज को कम तापमान में रखना सुरक्षित नहीं होता, क्योंकि इससे उनके पोषक तत्व और स्वाद प्रभावित हो सकते हैं।
टमाटर और आलू को फ्रिज में रखने से बचें
टमाटर को गर्म तापमान अनुकूल लगता है, इसलिए फ्रिज की ठंडक इसका स्वाद और बनावट खराब कर देती है। वहीं आलू को ठंडे वातावरण में रखने से उसका स्टार्च शुगर में बदल जाता है, जिससे वह मीठा हो जाता है। ऐसे आलू को तलने पर एक्रायलामाइट नामक हानिकारक रसायन उत्पन्न होने का जोखिम रहता है।
नींबू और ब्रेड के मूल गुणों पर पड़ता है असर
कटे हुए नींबू को फ्रिज में स्टोर करने से उसमें मौजूद विटामिन सी और उसका प्राकृतिक रस कम होने लगता है। इसके साथ ही ब्रेड को फ्रिज में रखने से उसकी नमी खत्म हो जाती है, जिससे वह सख्त और सूखी हो जाती है। इसलिए ब्रेड और नींबू को सामान्य तापमान पर रखना अधिक बेहतर माना जाता है।
पेस्ट और शहद को सामान्य तापमान पर ही रखें
अदरक-लहसुन के पेस्ट को ज्यादा समय फ्रिज में रखने से नमी के कारण फंगस लगने का डर रहता है और उसकी खुशबू व तीखापन घट जाता है। वहीं शहद को फ्रिज में रखने से वह दानेदार होकर जमने लगता है, जिससे उसका असली स्वाद बिगड़ जाता है। अतः इन दोनों को रूम टेम्परेचर पर रखना चाहिए।