Bogota News: दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया के गुआटापो शहर में स्थित ‘द रॉक ऑफ गुआटापो’ दुनिया की सबसे विशाल प्राकृतिक चट्टानी संरचनाओं में गिनी जाती है। यह अद्भुत ग्रेनाइट मोनोलिथ अपनी अनूठी बनावट और दरारों में बनी टेढ़ी-मेढ़ी सीढ़ियों के कारण दुनिया भर के लाखों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है।
लाखों साल पुराना इतिहास और तहामी जनजाति की आस्था
लाखों साल पुरानी इस विशाल चट्टान को स्थानीय तहामी जनजाति के लोग बेहद पवित्र मानकर पूजते थे और इसे ‘मोहरा’ कहते थे। लंबे समय तक दुर्गम होने के कारण इस पर कोई नहीं चढ़ सका था। साल 1954 में स्थानीय निवासी लुइस एडुआर्डो विलेगास ने दो दोस्तों के साथ लकड़ी के खूंटे फंसाकर पांच दिन में पहली बार फतह हासिल की।
इसके बाद लुइस विलेगास ने इस विशाल चट्टान को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया। वर्तमान समय में इस पर जाने के लिए तय शुल्क देना पड़ता है। लगभग 220 मीटर ऊंची और 10 लाख टन वजनी इस एकाश्म चट्टान की दरार के बीच बनाई गई जिगजैग सीढ़ियां इसके शिखर तक जाने का एकमात्र जरिया हैं।

740 सीढ़ियां और शिखर से मिलता है विहंगम नजारा
चट्टान की चोटी पर पहुंचने के लिए पर्यटकों को करीब 740 संकरी सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। शिखर पर पहुंचते ही आसपास के पूरे क्षेत्र का बेहद मनमोहक 360 डिग्री विहंगम दृश्य दिखाई देता है। साल 1970 के दशक में बने जलविद्युत बांध की वजह से यहां चारों ओर फैली कृत्रिम झीलों और खूबसूरत द्वीपों का नजारा देखते ही बनता है।
शिखर पर आगंतुकों की सुविधा के लिए तीन मंजिला व्यूइंग टावर भी बनाया गया है। यहां पहुंचकर पर्यटक स्थानीय हस्तशिल्प की खरीदारी कर सकते हैं और स्वादिष्ट पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद ले सकते हैं। प्रकृति और रोमांच का यह अनूठा संगम पर्यटकों के लिए जीवन भर का बेहद यादगार अनुभव साबित होता है।