Sitapur News: मध्य प्रदेश कैडर के 2014 बैच के आईएएस अधिकारी अवि प्रसाद निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के रहने वाले अवि ने दो बार यूपीएससी परीक्षा पास की — 2012 में आईपीएस बने और 2013 में 13वीं रैंक के साथ आईएएस बने। उन्होंने तीन शादियां की हैं और तीनों पत्नियां भी आईएएस अधिकारी हैं।
अवि प्रसाद राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके दादा तम्बेश्वर प्रसाद उर्फ बच्चा बाबू पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की सरकार में मंत्री रह चुके थे। अवि ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से ग्रेजुएशन किया। इसके बाद उन्होंने एमबीए और एलएलबी भी किया।
पहली शादी — रिजु बाफना से
अवि की पहली शादी आईएएस अधिकारी रिजु बाफना से हुई थी। यूपीएससी 2013 में रिजु बाफना की 77वीं रैंक आई थी। बताया जाता है कि यूपीएससी परीक्षा की तैयारी के लिए अवि दिल्ली पहुंचे थे। तैयारी के दौरान दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और फिर शादी हो गई। हालांकि यह शादी टिक नहीं सकी और दोनों ने सहमति से कुछेक साल में ही तलाक ले लिया। रिजु को राज्य में सख्त और प्रभावी प्रशासक के रूप में जाना जाता है। वर्तमान में वह मध्य प्रदेश के इंदौर की एडिश्नल कमिश्नर (रिवेन्यू) हैं।
दूसरी शादी — मिशा सिंह से
इसके बाद अवि ने दूसरी शादी आंध्र प्रदेश की 2016 बैच की आईएएस अधिकारी मिशा सिंह से की। मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली मिशा ने यूपीएससी सीएसई 2015 में 64वीं रैंक हासिल की थी। शादी के बाद मिशा सिंह ने मध्य प्रदेश कैडर ले लिया था। हालांकि दोनों के रिश्ते में दरार आ गई और विवाद के लगभग चार साल बाद दोनों अलग हो गए। कुछेक माह पहले मिशा सिंह इसलिए चर्चा में आई थीं, क्योंकि उन्होंने शहडोल जिले का कलेक्टर बनने से इनकार कर दिया था। उस समय वह रतलाम की जिला कलेक्टर थीं।
तीसरी शादी — अंकिता धाकरे से
अवि ने फरवरी 2026 में मध्य प्रदेश कैडर की 2017 बैच की आईएएस अधिकारी अंकिता धाकरे से तीसरी शादी की। दोनों ने कुनो नेशनल पार्क में शादी की थी। मूल रूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली अंकिता धाकरे ने यूपीएससी सीएसई 2016 परीक्षा में 211वीं रैंक हासिल की थी। वर्तमान में अंकिता मध्य प्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग में डिप्टी सेक्रेटरी हैं।
वर्तमान पदस्थापना
वर्तमान में अवि मध्य प्रदेश पब्लिक हेल्थ सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भोपाल के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मध्य प्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में उप सचिव हैं। इससे पहले वह भोपाल रोजगार गारंटी काउंसिल के सीईओ और कटनी के कलेक्टर रहे। वह उज्जैन के एडिश्नल कलेक्टर भी रहे थे।
निजी जिंदगी के अलावा अवि अपनी सख्त और सक्रिय कार्यशैली के लिए भी जाने जाते हैं। कटनी में कलेक्टर रहते हुए उन्होंने कुपोषण के खिलाफ जो अभियान चलाया था, उसकी पूरे राज्य में तारीफ हुई थी।