Lucknow News: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने स्टेनोग्राफर भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 333 पदों पर उम्मीदवारों का चयन होगा।
उम्मीदवार अपना परिणाम देखने के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर विजिट कर सकते हैं। इसके बाद होमपेज पर दिए गए UPSSSC Stenographer Result 2026 लिंक पर क्लिक करें। अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज करके लॉगिन करें और भविष्य के संदर्भ के लिए रिजल्ट का प्रिंट आउट निकाल लें।
3815 उम्मीदवार हिंदी टंकण परीक्षा के लिए हुए शॉर्टलिस्ट
आयोग ने इस परीक्षा का आयोजन 16 नवंबर 2025 को राज्य के विभिन्न केंद्रों पर किया था। इसके बाद 01 अप्रैल 2026 को उत्तर कुंजी जारी की गई थी। लिखित परीक्षा के आधार पर 3815 उम्मीदवारों को अगले चरण यानी हिंदी टंकण परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।
परिणाम के साथ ही विभिन्न श्रेणियों के कटऑफ अंक भी जारी कर दिए गए हैं। अनारक्षित, अन्य पिछड़ा वर्ग और ईडब्ल्यूएस श्रेणी का कटऑफ 32 तय किया गया है। वहीं अनुसूचित जाति श्रेणी के लिए कटऑफ 28.50 और अनुसूचित जनजाति श्रेणी के लिए कटऑफ 15.75 अंक निर्धारित किया गया है।