Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची में 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा रद्द करने की मांग पर अड़े छात्रों का अनशन लगातार जारी है। आमरण अनशन पर बैठे छह छात्रों में से राहुल क्रांति की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें तुरंत एंबुलेंस से सदर अस्पताल भर्ती कराया गया है।
सदर अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बावजूद हेमंत सोरेन सरकार की ओर से वार्ता का कोई बुलावा नहीं आया है। 14वें दिन भी जारी इस प्रदर्शन में छात्र 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने और कथित अनियमितताओं की सीबीआई या हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज से जांच कराने की मांग कर रहे हैं।
छात्रों के इस आंदोलन को राजनीतिक और सामाजिक समर्थन भी मिल रहा है। एनडीए विधायकों ने झारखंड विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए सीबीआई जांच की मांग उठाई। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की भूख हड़ताल का छठा दिन है। आदिवासी समाज के लोग भी समर्थन में पहुंचे हैं।
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनशन कर रही सबिता कुमारी ने आरोप लगाया कि हमारी नौकरियां बेची जा रही हैं। वहीं राहुल क्रांति ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में धांधली से सबसे बड़ा नुकसान व्यवस्था से भरोसा उठना है। अनशनकारी अपनी मांगों पर पूरी तरह अड़े हुए हैं।