BPSC TRE 4: शिक्षक भर्ती का प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा, बीपीएससी ने वायरल विज्ञप्ति को बताया फर्जी

Share

- Advertisement -

Patna News: बिहार में चौथे चरण की शिक्षक भर्ती प्रक्रिया अब अपने अंतिम प्रशासनिक दौर में पहुंच गई है। शिक्षा विभाग ने सोमवार को बीपीएससी टीआरई 4 के तहत 20 हजार से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति का प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग को भेज दिया है।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मंजूरी मिलते ही अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग को भेज दी जाएगी। इसके बाद बीपीएससी भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी करेगा। इसमें प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के पद शामिल होंगे।

सोशल मीडिया पर वायरल प्रेस विज्ञप्ति को बीपीएससी ने बताया फर्जी

दूसरी तरफ, बीपीएससी ने देर रात सोशल मीडिया पर वायरल हो रही टीआरई 4 की एक प्रेस विज्ञप्ति को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक करार दिया है। आयोग ने स्पष्ट किया कि अभी तक उसके पास कोई आधिकारिक अधियाचना प्राप्त नहीं हुई है।

आयोग के जनसंपर्क अधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक या अप्रमाणित सूचना पर विश्वास न करें। परीक्षा, विज्ञापन और किसी भी आधिकारिक अपडेट के लिए केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया चैनलों का ही अनुसरण करें।

चयन प्रक्रिया और ऑनलाइन आवेदन में होंगे ये अहम बदलाव

इस बार भर्ती प्रक्रिया में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को आवेदन फॉर्म भरते समय ही राज्य के सभी 38 जिलों की प्राथमिकता चुननी होगी। जिलों की चॉइस कम भरने पर मेरिट में आने के बावजूद चयन से वंचित होना पड़ सकता है।

इसके अलावा, तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए इस बार पहले आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा। शुल्क जमा होने के बाद ही अभ्यर्थियों के लिए फॉर्म भरने का मुख्य लिंक खोला जाएगा, जिससे भुगतान से जुड़ी गड़बड़ियां नहीं होंगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News