हिमाचल में मंत्री विक्रमादित्य सिंह के दौरे से नदारद रहने पर तीन पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के चौपाल दौरे के दौरान गायब रहने वाले तीन वरिष्ठ अधिकारियों पर सुक्खू सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। सरकार ने तीनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है।

लोक निर्माण विभाग के प्रधान सचिव द्वारा जारी मेमो के अनुसार 19 जुलाई को मंत्री विक्रमादित्य सिंह का शिमला जिले के चौपाल विधानसभा क्षेत्र के मालकोट और नानहार का दौरा पहले से तय था। वहां विभिन्न सड़क परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के साथ नानहार में आयोजित बिशु मेले में उन्हें शामिल होना था।

लापरवाह अधिकारियों से तीन दिन में मांगा गया स्पष्टीकरण

विभाग ने स्पष्ट किया कि 17 जुलाई को ही सभी अधिकारियों को मंत्री के दौरे का पूरा शेड्यूल भेज दिया गया था। इसके बावजूद विकास कार्यों का विवरण देने और परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट सौंपने के लिए जिम्मेदार अधिकारी मौके से गायब रहे। विभागीय जवाबदेही तय करने के लिए सरकार ने यह सख्त कदम उठाया है।

कारण बताओ नोटिस पाने वाले अधिकारियों में चीफ इंजीनियर का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे अधीक्षण अभियंता विजय चौधरी, चौथा सर्किल शिमला के अधीक्षण अभियंता दीपक राज चौहान और अधिशासी अभियंता का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे सहायक अभियंता नितिन ठाकुर शामिल हैं। उनसे तीन दिन में जवाब देने को कहा गया है।

विभाग ने हिदायत दी है कि असंतोषजनक जवाब मिलने पर अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। दौरे के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने फोन पर ही अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई थी। उनकी यह बातचीत सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी, जिसके बाद सरकार एक्शन मोड में आ गई।

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र हैं विक्रमादित्य सिंह

विक्रमादित्य सिंह हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह के पुत्र हैं। वह लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए हैं और राज्य सरकार में पहली बार कैबिनेट मंत्री बने हैं। वह अपने सख्त प्रशासनिक फैसलों और विभागीय कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News