तेलका में सलूणी जोन अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, एसडीएम सुरेंद्र कटोच ने किया उद्घाटन

Share

- Advertisement -

Chamba News: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तेलका में सोमवार को सलूणी जोन की तीन दिवसीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। एसडीएम सलूणी सुरेंद्र कटोच ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर ध्वजारोहण किया। इस खेल प्रतियोगिता में सलूणी जोन के 32 स्कूलों से आए कुल 398 युवा खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में अपना हुनर दिखाएंगे।

एसडीएम सुरेंद्र कटोच ने मैदान में मार्चपास्ट की सलामी ली। समारोह में प्रधानाचार्य संजय शर्मा, जोन प्रभारी वीर सिंह राणा, प्रहलाद कुमार और प्रबंधन समिति ने मुख्यातिथि को शाल, टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद स्कूल की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर सभी का दिल जीत लिया।

मुख्यातिथि सुरेंद्र कटोच ने छात्रों को संबोधित करते हुए पढ़ाई के साथ खेलकूद गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को हमेशा खेल भावना और अनुशासन के साथ मैदान में उतरना चाहिए। प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, कुश्ती, बैडमिंटन और शतरंज के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।

इस तीन दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन समापन समारोह धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। समापन अवसर पर पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगी। वे प्रतियोगिता की विजेता और उपविजेता टीमों समेत शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित करेंगी, जिससे युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News