Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के कोटला खुर्द गांव की जमीन के नीचे करीब 200 साल पुरानी तोपें और खजाना दबे होने का दावा किया गया है। भारतीय सेना के खुफिया विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी मनोज कुमार कौशल ने सरकार से पुरातत्व विशेषज्ञों की टीम के जरिए वैज्ञानिक सर्वेक्षण और खुदाई करवाने की मांग की है।
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले स्थित कोटला खुर्द गांव की जमीन के नीचे दबी कथित ऐतिहासिक धरोहरों और खजाने की जांच की मांग एक बार फिर उठने लगी है। भारतीय सेना के खुफिया विभाग से सेवानिवृत्त मनोज कुमार कौशल ने सोमवार को ऊना में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान सरकार से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।
पत्रकारवार्ता में मनोज कुमार कौशल ने दावा किया कि उन्हें कोटला खुर्द गांव की जमीन के नीचे करीब 200 साल पुरानी ऐतिहासिक वस्तुएं, तोपें और खजाना दबे होने की जानकारी मिली है। उन्होंने मांग की कि सरकार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आधुनिक उपकरणों और मेटल डिटेक्टर की मदद से क्षेत्र का वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराए तथा पुरातत्व विशेषज्ञों की निगरानी में खुदाई करवाई जाए।
वर्ष 2016 में मिली तोप की स्थिति पर उठाए सवाल
मनोज कौशल ने जून 2016 में गांव में खेत की जुताई के दौरान मिली एक बड़ी ऐतिहासिक तोप का भी हवाला दिया। उन्होंने बताया कि उस समय खेत में हल टकराने के बाद जमीन से तोप निकलने की बात सामने आई थी। कौशल ने सवाल उठाया कि दस वर्ष बीतने के बाद भी वह तोप सार्वजनिक रूप से कहीं दिखाई नहीं दे रही है और न ही उसकी वर्तमान स्थिति के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध है।
प्रधानमंत्री कार्यालय तक भेजा जा चुका है पत्र
सेवानिवृत्त अधिकारी ने बताया कि इस विषय में उन्होंने लगभग एक वर्ष पहले प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को पत्र भेजा था। वहां से यह पत्र मुख्यमंत्री कार्यालय और फिर जिला प्रशासन के माध्यम से उपायुक्त (DC), एसडीएम और पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय तक पहुंचा।
उनके अनुसार, प्रशासन की ओर से एक अधिकारी को मामले की जांच के लिए नियुक्त किया गया था, लेकिन उन्होंने इसे उच्च स्तरीय मामला बताते हुए किसी वरिष्ठ अधिकारी से मुलाकात करवाने का आग्रह किया था। आश्वासन मिलने के बावजूद प्रशासनिक प्रक्रियाओं के चलते यह मामला आगे नहीं बढ़ पाया।
कौशल ने आशंका जताई कि ब्रिटिश शासनकाल के दौरान कुछ तोपों और खजाने को पिघलाए जाने से बचाने के लिए जमीन में छिपाया गया होगा। उन्होंने सरकार से मांग की है कि सर्वेक्षण और खुदाई के दौरान मिलने वाली सभी ऐतिहासिक वस्तुओं को सरकारी संरक्षण में सुरक्षित रखा जाए।