Shimla News: शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) के चिकित्सकों ने जटिल सर्जरी कर 63 वर्षीय मरीज की जान बचाई है। अग्नाशय में मौजूद 25 मिमी की पथरी ने आमाशय की दीवार में छेद कर दिया था। शुरुआती जांच में इसे कैंसर की गांठ माना जा रहा था, लेकिन ऑपरेशन में वास्तविक स्थिति सामने आई।
शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) के चिकित्सकों ने जटिल ऑपरेशन कर 63 वर्षीय मरीज की जान बचाई है। मरीज के पेट में कैंसर जैसी दिखने वाली गांठ दरअसल अग्नाशय (पैनक्रियाज) में मौजूद 25 मिलीमीटर की बड़ी पथरी के कारण बनी थी। इस पथरी ने आमाशय की पिछली दीवार में छेद कर दिया, जिससे अग्नाशय और आमाशय के बीच असामान्य रास्ता बन गया।
मरीज को उल्टी में खून आने और काले मल की शिकायत के बाद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीटी स्कैन में आमाशय की दीवार के पास गांठ दिखी, जिस पर चिकित्सकों को शुरुआती तौर पर गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल स्ट्रोमल ट्यूमर (GIST) यानी कैंसर जैसी गांठ का संदेह हुआ।
ऑपरेशन में खुला मामले का राज
चिकित्सकों ने जब एक्सप्लोरेटरी लैप्रोटॉमी सर्जरी की, तब अग्नाशय में 25 मिमी की बड़ी पथरी मिली। लंबे समय तक दबाव और घर्षण के कारण आमाशय की पिछली दीवार में छेद हो गया था।
इससे अग्नाशय और आमाशय के बीच असामान्य संपर्क मार्ग बन गया, जिसे चिकित्सा भाषा में पैनक्रियाटिको-गैस्ट्रिक फिस्टुला कहते हैं। इसी रास्ते से रिसाव और रक्तस्राव हो रहा था, जिससे मरीज की स्थिति गंभीर बनी हुई थी।
जटिल सर्जरी कर निकाली गई पथरी
चिकित्सकों ने ऑपरेशन के दौरान पहले फिस्टुला को अलग किया और आमाशय के प्रभावित हिस्से को काटकर निकाला। इसके बाद अग्नाशय की नलिका खोलकर उसमें फंसी बड़ी पथरी को बाहर निकाला गया।
चिकित्सकों के अनुसार मरीज क्रोनिक कैल्सिफिक अग्नाशयशोथ से पीड़ित था, जो शराब के सेवन से जुड़ी पुरानी बीमारी है। इस स्थिति में कैल्शियम जमने से पथरी बन सकती है और बीमारी बढ़ने पर आमाशय की दीवार भी प्रभावित हो सकती है।
अंतरराष्ट्रीय जर्नल में केस प्रकाशित होने का दावा
रिपोर्ट के अनुसार इस दुर्लभ मामले का अध्ययन अंतरराष्ट्रीय सर्जरी जर्नल में प्रकाशित किया गया है। सर्जरी और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग की संयुक्त टीम में डॉ. दिनेश के. भूरिया, डॉ. शिखा सूद, डॉ. अदिति शर्मा, डॉ. विशाल बोध और डॉ. विपिन कुमार शामिल रहे।
अग्नाशय की पथरी के कारण आमाशय की दीवार में छेद और फिस्टुला बनना बेहद दुर्लभ स्थिति मानी जाती है। इस मामले में शुरुआती जांच में गांठ कैंसर जैसी दिखी थी, लेकिन सर्जरी के दौरान सही कारण सामने आया।