Sirmaur News: सिरमौर जिले के गिरिपार पिछड़े क्षेत्र के हरिपुरधार में सिविल अस्पताल खोलने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र की भाजपा नेत्री और जिला परिषद सदस्य अंकिता ठाकुर ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। उन्होंने हरिपुरधार पीएचसी का दर्जा बढ़ाकर उसे सिविल अस्पताल बनाने का आग्रह किया है।
वार्ड नंबर दो दाना घाटों से जिला परिषद सदस्य अंकिता ठाकुर ने इस मुद्दे को जिला परिषद की बैठक में भी प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने राज्य सरकार को पत्र लिखकर कहा कि हरिपुरधार लगभग तीन दर्जनों ग्राम पंचायतों का प्रमुख केंद्र है। यहां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रोजाना दर्जनों मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं।
अस्पताल डीनोटिफाई होने से बढ़ीं क्षेत्रवासियों की परेशानियां
अंकिता ठाकुर ने पत्र में बताया कि जयराम सरकार ने साल 2021 में इस पीएचसी को अपग्रेड करके सिविल अस्पताल का दर्जा दिया था। तब यहां डॉक्टर और अन्य स्टाफ तैनात कर दिए गए थे। लेकिन कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही इसे डीनोटिफाई कर दिया, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं ठप हो गईं।
जिला परिषद सदस्य ने जोर देकर कहा कि इस पिछड़े और कठिन भौगोलिक क्षेत्र में कई हादसे हो चुके हैं। पीएचसी में फर्स्ट एड और इलाज के बेहतर साधन न होने से कई लोग समय पर इलाज के अभाव में अपनी जान गंवा चुके हैं। इसलिए यहां सिविल अस्पताल का होना बहुत जरूरी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की है कि इस पीएचसी को दोबारा सिविल अस्पताल के रूप में स्तरोन्नत करने का फैसला जल्द से जल्द लिया जाए। अस्पताल के शुरू होने से दूरदराज और दुर्गम इलाकों में रहने वाले हजारों ग्रामीणों को उनके घर के पास ही बेहतर और समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।