सेतु बंधन योजना में हिमाचल को मिले 11.57 करोड़, 11.46 करोड़ के लिए यूसी भेजनी होगी

Share

- Advertisement -

Shimla News: केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि की सेतु बंधन योजना के तहत हिमाचल को 11.57 करोड़ रुपये जारी हुए हैं। इस वर्ष कुल 23.03 करोड़ रुपये मिलने हैं और बाकी 11.46 करोड़ रुपये के लिए लोक निर्माण विभाग को उपयोगिता प्रमाणपत्र (यूसी) भेजना होगा। राज्य में चार पुलों का काम चल रहा है और नई परियोजनाओं की डीपीआर केंद्र को भेजी गई है।

    केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (सीआरआईएफ) में सेतु बंधन योजना के तहत केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को 11.57 करोड़ रुपये जारी किए हैं। लोक निर्माण विभाग की ओर से केंद्र को उपयोगिता प्रमाणपत्र (यूसी) भेजने के बाद यह राशि जारी हुई है।

    इस वर्ष प्रदेश को सेतु बंधन योजना के तहत कुल 23.03 करोड़ रुपये मिलने हैं। अब शेष 11.46 करोड़ रुपये की राशि पाने के लिए लोक निर्माण विभाग को केंद्र को यूसी भेजनी होगी। राशि जारी होने से प्रदेश में निर्माणाधीन पुलों के काम में तेजी आने की उम्मीद है।

    राज्य में चल रहे चार पुलों का निर्माण

    सीआरआईएफ की सेतु बंधन योजना के अंतर्गत प्रदेश में चार पुलों का निर्माण चल रहा है। ऊना जिले के हरोली में स्वां नदी पर 560 मीटर लंबे पुल का काम जारी है, जो वर्ष 2024 में शुरू हुआ था और इसका लगभग 90 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है।

    इसके अतिरिक्त हरोली क्षेत्र में ही सेतु बंधन के तहत चल रहे पुल निर्माण का कार्य करीब 35 प्रतिशत तक पूरा कर लिया गया है। कांगड़ा जिले के फतेहपुर में व्यास नदी पर 800 मीटर लंबे स्पैन वाले पुल का काम भी शुरू कर दिया गया है, जो पहले बीबीएमबी से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) न मिलने के कारण रुका था और राज्य सरकार द्वारा एनओसी मिलने के बाद शुरू हो सका है।

    वहीं कुल्लू जिले में ब्यास नदी पर पिरड़ी-तलोगी सड़क पर 110 मीटर स्पैन के डबल लेन पुल का निर्माण भी इसी योजना के तहत किया जा रहा है। योजना के नियमों के अनुसार निर्माण कार्य का उपयोगिता प्रमाणपत्र भेजने के बाद ही केंद्र से अगली राशि जारी की जाती है।

    नई पुल और ओवरब्रिज परियोजनाओं की डीपीआर केंद्र को भेजी

    राज्य सरकार ने इस वर्ष सेतु बंधन योजना के तहत नई परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) भी मंजूरी के लिए केंद्र को भेजी है। ऊना जिले में पोलियां-जननी सड़क पर पुल निर्माण के लिए 32.47 करोड़ रुपये और लालूबाल गोंदपुर से पंजाब सीमा मार्ग पर 100 मीटर व 160 मीटर स्पैन वाले पुलों के लिए 28.29 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं।

    रिपोर्ट के अनुसार कांगड़ा जिले में ब्यास नदी पर पुल निर्माण के लिए 315.28 करोड़ रुपये तथा डाडासीबा और बौंगटा सड़क पर ब्यास नदी के ऊपर फुटपाथ सहित पुल निर्माण के लिए 315.28 करोड़ रुपये की डीपीआर भेजी गई है। इसके अलावा तरेहल-खुड़ली सड़क पर रेलवे ओवरब्रिज बनाने के लिए 11.99 करोड़ रुपये की डीपीआर केंद्र को भेजी गई है।

    Mohit
    Mohit
    पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

    Read more

    Related News