शिमला में नो वेंडिंग जोन से 10 तहबाजारियों का सामान जब्त, निगम टीम और विक्रेताओं में धक्का-मुक्की

Share

- Advertisement -

Shimla News: शिमला नगर निगम ने लोअर बाजार और आईजीएमसी के पास नो वेंडिंग जोन में अवैध रूप से दुकानें सजाने वाले 10 तहबाजारियों का सामान जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, जिस पर पुलिस ने बीच-बचाव किया।

राजधानी शिमला में नो वेंडिंग जोन में अवैध रूप से दुकानें लगाने वाले तहबाजारियों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की है। निगम की टीम ने लोअर बाजार और आईजीएमसी के समीप दबिश देकर 10 तहबाजारियों का सामान जब्त किया।

कार्रवाई में लोअर बाजार से छह और आईजीएमसी के पास से चार तहबाजारियों का सामान हटाया गया। इस दौरान तहबाजारियों और नगर निगम कर्मचारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया।

नियमों की अनदेखी और दोबारा कब्जे की समस्या

कार्रवाई के दौरान बार-बार नियमों की अनदेखी कर प्रतिबंधित क्षेत्रों में दुकानें सजाने वालों को भी हटाया गया। हालांकि, निगम की कार्रवाई के बावजूद कुछ तहबाजारी दोबारा उसी स्थान पर बैठ जाते हैं।

लोअर बाजार में ऐसे दो से तीन तहबाजारी हैं, जो सामान जब्त होने के कुछ समय बाद फिर से दुकानें सजा लेते हैं। इससे बाजारों में आवाजाही प्रभावित होती है।

चालान और सख्त कार्रवाई की चेतावनी

नगर निगम ने शहर में तहबाजारी व्यवस्थित करने के लिए वेंडिंग और नो वेंडिंग जोन निर्धारित किए हैं। नो वेंडिंग जोन में किसी भी तरह की तहबाजारी की अनुमति नहीं है।

इसके बावजूद कई स्थानों पर नियमों का उल्लंघन कर सामान सजाया जा रहा है। नगर निगम समय-समय पर अभियान चलाकर ऐसे अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त करता है। निगम की ओर से बार-बार नियम तोड़ने वालों के चालान काटने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात भी कही गई है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News