हिमाचल हाईकोर्ट सख्त: छह विधायकों के 80.22 लाख रुपये दंडात्मक किराये को नियमित करने पर सरकार से मांगा जवाब

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने मुख्य संसदीय सचिव पद से हटाए गए छह विधायकों के 80,22,973 रुपये के दंडात्मक किराये को नियमित करने के सरकार के फैसले पर कड़ा रुख अपनाया है। मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया और न्यायाधीश बिपिन चंद्र नेगी की खंडपीठ ने खजाने को नुकसान और विधायकों को दी गई राहत पर सरकार से जवाब तलब किया है।

हाईकोर्ट ने आदेश में स्पष्ट किया कि राज्य सरकार के आकलन के अनुसार 31 जुलाई, 2026 तक इन छह विधायकों पर दंडात्मक किराये के रूप में 80,22,973 रुपये की देनदारी बनती है। नियमानुसार इनसे 52,938 रुपये से लेकर 91,944 रुपये प्रतिमाह तक दंडात्मक किराया वसूला जाना था, लेकिन 12 अगस्त, 2026 के पत्र के अनुसार सरकार ने इनसे मात्र 1,600 रुपये प्रतिमाह की सामान्य लाइसेंस फीस ही वसूली। इस तरह बड़ी रकम की वसूली टाल दी गई।

अदालत ने इस बात पर भी गौर किया कि जब इन विधायकों के सरकारी आवासों में रहने की पात्रता को लेकर मामला अदालत में विचाराधीन था, उसी दौरान चार मई, 2026 को यह मामला कैबिनेट के समक्ष रखा गया और सामान्य लाइसेंस फीस के भुगतान को नियमित कर दिया गया।

सीपीएस नियुक्तियां रद्द होने के बाद भी सरकारी आवासों में रह रहे विधायक

24 नवंबर, 2024 को इन विधायकों की सीपीएस के रूप में नियुक्तियां रद्द होने और सुप्रीम कोर्ट से कोई स्थगन आदेश नहीं होने के बावजूद छह विधायक शिमला में टाइप-छह, सात और आठ श्रेणी के प्रतिष्ठित सरकारी आवासों में रह रहे हैं। इनमें किशोरी लाल (मैन्सफील्ड लॉज, टाइप-आठ), राम कुमार (बेनमोर-4, टाइप-सात), सुंदर सिंह ठाकुर (बेनमोर-6, टाइप-सात), मोहन लाल ब्राक्टा (मिनिस्टर हाउस नंबर-5, ग्रांट लॉज, टाइप-सात), संजय अवस्थी (मिनिस्टर हाउस नंबर-4, ग्रांट लॉज, टाइप-छह) और आशीष बुटेल (बेनमोर-5, टाइप-सात) शामिल हैं।

तीन नए जजों को आवास नहीं, गेस्ट हाउस में रहने को मजबूर

सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि 30 अगस्त, 2026 को नियुक्त हुए तीन नए न्यायाधीशों को टाइप-आठ के सरकारी आवास उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इनमें से दो न्यायाधीश हाईकोर्ट के गेस्ट हाउस यानी कर्जन हाउस में रहने को मजबूर हैं। जिन आवासों को इन न्यायाधीशों को आवंटित किया जाना था, वे विधायकों के कब्जे में हैं।

इसके अलावा अदालत ने पत्रकारों को नियमों के विपरीत टाइप-चार से ऊपर की श्रेणी के टाइप-पांच आवास आवंटित करने और एडहॉक आधार पर सरकारी आवास देने को भी मनमाना करार दिया। राज्य सरकार ने अपने फैसलों को उचित ठहराने के लिए अदालत से समय मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर को निर्धारित की गई है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News