Shimla News: हिमाचल प्रदेश में तंबाकू मुक्त युवा अभियान के चौथे चरण में 866 गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। इनमें 574 गांवों का दोबारा मूल्यांकन होगा, जबकि 292 नए गांवों को अभियान में शामिल किया जाएगा। पंचायती राज विभाग ने जिला पंचायत अधिकारियों, जिला विकास अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
26 दिसंबर तक पूरी करनी होगी प्रक्रिया
अभियान की प्रक्रिया 26 दिसंबर 2026 तक पूरी करनी होगी। जिला पंचायत अधिकारी कांगड़ा सचिन ठाकुर ने निदेशालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की पुष्टि की है।
तीसरे चरण में प्रदेश के 574 गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित किया गया था। प्रमाणपत्र की वैधता एक वर्ष होने के कारण इन गांवों का निर्धारित मानकों के आधार पर पुनर्मूल्यांकन कर दोबारा प्रमाणीकरण किया जाएगा। भारत सरकार ने पिछले वर्ष की उपलब्धि से कम से कम 50 प्रतिशत अधिक लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के तहत ग्राम पंचायतों को ग्राम सभा की बैठक बुलाकर तंबाकू नियंत्रण का प्रस्ताव पारित करना होगा। साथ ही ग्राम स्तरीय समन्वय समिति गठित करनी होगी या मौजूदा ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति को सक्रिय करना होगा।
तंबाकू मुक्त गांव के लिए दस अनिवार्य मानदंड
प्रत्येक राजस्व गांव को अभियान की इकाई माना जाएगा और उसके तहत आने वाली सभी बस्तियों को शामिल किया जाएगा। तंबाकू मुक्त गांव का दर्जा पाने के लिए दस अनिवार्य मानदंड पूरे करने होंगे।
इनमें जनजागरूकता गतिविधियां, तंबाकू नियंत्रण के लिए राजदूत नियुक्त करना, सूचना पट्ट लगाना, तंबाकू नियंत्रण कानून लागू करना और तंबाकू उत्पादों की दुकानों व अस्थायी बिक्री केंद्रों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शामिल है। पंचायत भूमि और सार्वजनिक स्थानों को भी तंबाकू मुक्त बनाना अनिवार्य होगा।