Baddi News: सोलन जिले के सरसा खड्ड के केंदूवाल क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई करने गई पुलिस टीम का रास्ता सात युवकों ने रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने जब्त ट्रैक्टर को जबरन छुड़ाने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करते हुए धमकियां दीं। पुलिस ने घेराबंदी कर सातों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को शुक्रवार रात करीब दो बजे सरसा खड्ड के केंदूवाल क्षेत्र में अवैध खनन की गुप्त सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम ने दबिश देकर अवैध खनन में संलिप्त एक ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया।
जब पुलिसकर्मी जब्त ट्रैक्टर को लेकर थाना बद्दी की ओर आ रहे थे, तभी रास्ते में सात युवकों ने टीम का रास्ता रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने जबरन ट्रैक्टर छुड़ाने की कोशिश की और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से अभद्रता करते हुए धमकियां दीं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर सभी सातों युवकों को पकड़ लिया। थाना बद्दी में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और खनन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
डीएसपी ने की मामले की पुष्टि
डीएसपी योगराज चंदेल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और अवैध खनन के आरोप में सात युवकों पर केस दर्ज किया गया है। सभी को गिरफ्तार करने के बाद नियमानुसार नोटिस देकर रिहा कर दिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।