Shimla News: लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पंचायतों द्वारा बनाई जाने वाली कई सड़कें विभागीय मानकों पर खरी नहीं उतरती हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए लोक निर्माण विभाग एक नई नीति तैयार कर रहा है ताकि भविष्य में पंचायतों के माध्यम से बनने वाली सड़कें तय तकनीकी मानकों के अनुसार तैयार हो सकें।
तकनीकी मानकों पर खरा उतरने के बाद ही होगा विभागीय रखरखाव
लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि नई नीति बनने से भविष्य में पंचायतों द्वारा निर्मित सड़कों को विभागीय रखरखाव के अंतर्गत शामिल करने में कोई परेशानी नहीं होगी। वे शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के धामी स्थित मिनी सचिवालय में आयोजित जन शिकायत निवारण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि कई पंचायतों में विधायक निधि और अन्य मदों से स्वीकृत लाखों रुपये का बजट अभी तक खर्च नहीं हो पाया है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस बजट का जल्द से जल्द और समयबद्ध तरीके से उपयोग कर विकास कार्यों को पूरा करें।