Shimla News: पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में न केवल भाजपा विधायकों, बल्कि सरकार के उपमुख्यमंत्री, मंत्रियों और कांग्रेस विधायकों के फोन भी टैप किए जा रहे हैं।
विपक्ष के नेताओं पर लगातार रखी जा रही है नजर
जयराम ठाकुर ने शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि विपक्ष के नेताओं और उनके पीएसओ की आवाजाही पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लोकतंत्र की जगह बदलाखोरी का शासन चल रहा है और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास हो रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने अपनी रिपोर्ट में मुख्यमंत्री को कार्यशैली न बदलने पर पद से हटाने की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर भाजपा की पहली ही कैबिनेट बैठक में नेताओं पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस लिए जाएंगे।
भाजपा नेताओं पर बदले की भावना से दर्ज हो रहे झूठे केस
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, विधायक सुधीर शर्मा, सुखराम चौधरी सहित कई पूर्व विधायकों पर बदले की भावना से मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। इसके साथ ही जिला परिषद सदस्यों और पंचायत प्रतिनिधियों को भी परेशान किया जा रहा है।
मुख्य सचिव और डीजीपी की स्थायी नियुक्ति न होने पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री को प्रतिशोध की राजनीति छोड़ने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि स्थायी मुख्य सचिव और डीजीपी की नियुक्ति न होने से परेशान होकर अधिकारी प्रतिनियुक्ति पर केंद्र जा रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने सरकार के खिलाफ ला रही चार्जशीट में चौंकाने वाले खुलासे होने का दावा किया।