Shimla News: इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला में कार्यरत कॉन्ट्रैक्ट और आउटसोर्स कर्मचारियों ने लंबित मांगों पर आंदोलन तेज कर दिया है। मांगें पूरी न होने पर कर्मचारियों ने 24 अगस्त को हड़ताल का ऐलान किया है। इससे पहले 10 अगस्त को देशव्यापी आंदोलन और 14 अगस्त को परिसर में प्रदर्शन की रणनीति बनाई गई है।
शुक्रवार को सीटू से संबद्ध आईजीएमसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन की आम सभा का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में कॉन्ट्रैक्ट और आउटसोर्स कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। सभा को संबोधित करते हुए सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा, सचिव अमित कुमार, बालक राम, विवेक कश्यप, रंजीव कुठियाला, यूनियन अध्यक्ष वीरेंद्र लाल और महासचिव सीताराम ने विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि आईजीएमसी जैसे प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान की व्यवस्था चलाने में इन कर्मचारियों की मुख्य भूमिका है। लंबे समय से सेवाएं देने के बावजूद कर्मचारियों को उचित वेतन और बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। इससे कर्मचारियों में भारी निराशा है।
यूनियन ने मांग रखी है कि सभी को पूरा न्यूनतम वेतन दिया जाए। साथ ही ईपीएफ, ईएसआई, बोनस, एरियर, छुट्टियां और एनुअल इंक्रीमेंट का लाभ मिले। इसके अतिरिक्त कर्मचारियों के लिए दो यूनिफॉर्म, सिलाई भत्ता, चेंजिंग रूम और जरूरी सुविधाएं प्रदान करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
यूनियन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार समान काम के लिए समान वेतन लागू करने और आउटसोर्स कर्मियों के लिए स्थाई रोजगार नीति बनाने पर जोर दिया। पदाधिकारियों ने कहा कि सभी श्रेणियों को तय वेतन और लीगल बेनिफिट्स मिलने चाहिए। आउटसोर्स व्यवस्था से अधिकारों का हनन हो रहा है।
यूनियन ने स्पष्ट किया कि समाधान न मिलने पर 10 अगस्त को कर्मचारी देशव्यापी जेल भरो आंदोलन में शामिल होंगे। 14 अगस्त को आईजीएमसी परिसर में जोरदार प्रोटेस्ट होगा। इसके बाद भी बात न बनने पर 24 अगस्त को पूर्ण हड़ताल की जाएगी। यूनियन ने सभी कर्मियों से एकजुट होने का आह्वान किया।