हिमाचल प्रदेश में मानसून रहेगा मेहरबान, मौसम विभाग ने सात जिलों में फ्लैश फ्लड और भारी बारिश का अलर्ट किया जारी

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मानसून अगले कई दिनों तक पूरी तरह सक्रिय रहेगा। भारत मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने 31 जुलाई सुबह तक सात जिलों में अचानक बाढ़ का जोखिम जताया है।

सात जिलों में फ्लैश फ्लड और ऑरेंज अलर्ट

विभाग ने कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन में अचानक पानी बढ़ने का खतरा जताया है। लोगों से नदी-नालों के पास न जाने की अपील की है। चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। वहीं कुल्लू, शिमला, सिरमौर और किन्नौर में यलो अलर्ट घोषित हुआ है।

राज्य में 5 अगस्त तक यलो अलर्ट प्रभावी

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 5 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहेगा और यलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। बारिश के कारण भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका बनी रहेगी। शिमला सहित कई क्षेत्रों में गुरुवार सुबह से ही बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा भी दर्ज की गई।

कसौली में सबसे ज्यादा 51 मिमी बारिश

पिछले 24 घंटे में कसौली में सबसे अधिक 51 मिलीमीटर बारिश हुई। सराहन में 32.5, नैना देवी में 26 और कटौला में 23 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार भूस्खलन से करीब 150 सड़कें बंद हैं। वहीं बारिश घटने से उमस बढ़ी है और औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से बढ़ा है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News