Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मॉनसून का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार शाम से जारी मूसलाधार बारिश ने राज्य के कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। किन्नौर में भारी भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-05 बंद हो गया है। वहीं चंबा जिले में एक 19 वर्षीय युवती की नाले में बहने से जान चली गई।
मनाली और आसपास के पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश से सड़कों पर भारी मात्रा में मलबा आ गया है। इसके कारण कई स्थानों पर भूस्खलन की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगस्त के शुरुआती दिनों में भी प्रदेशभर में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
भूस्खलन से टूटा किन्नौर का सड़क संपर्क
किन्नौर जिले के चौरा के पास अचानक भारी भूस्खलन होने से एनएच-05 पर बड़ी-बड़ी चट्टानें आ गिरीं। मलबे के कारण हाईवे पूरी तरह से ठप हो गया। इसके चलते किन्नौर जिले का सड़क संपर्क राज्य के बाकी हिस्सों से कट गया। राहत दल और प्रशासन मशीनों से हाईवे साफ करने में लगे हैं।
अधिकारियों ने आम जनता और पर्यटकों को आपात स्थिति को छोड़कर अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। मनाली की सोलंग घाटी, धुंधी, पलचान, शनाग और अंजनी महादेव क्षेत्रों में लगातार बारिश दर्ज की गई। सोलंग के पास फर्स्ट स्नो गैलरी मार्ग पर मलबा आने से एक स्कॉर्पियो कार बीच रास्ते में फंस गई।
चंबा में नाले में बही 19 वर्षीय युवती
कार सवार यात्रियों ने समय रहते भागकर अपनी जान बचाई। पलचान पुल के समीप भी हल्का भूस्खलन हुआ, जिससे सड़क पर पत्थर जमा हो गए। मनाली टाउन बाईपास पर पानी के तेज बहाव से सड़क किनारे कटाव शुरू हो गया है। हालांकि बीआरओ की टीमों ने त्वरित कार्रवाई कर ज्यादातर सड़कों से मलबा हटा दिया।
चंबा जिले के सलूणी उपमंडल में एक दुखद घटना सामने आई। संघणी पंचायत के प्रेढ़ गांव की 19 वर्षीय शबनम गुरुवार शाम मवेशी चराकर घर लौट रही थी। तभी अचानक पैर फिसलने से वह तेज बहाव वाले नाले में बह गई। शुक्रवार सुबह सियूल नदी से उसका शव बरामद किया गया।
पंडोह डैम से छोड़ा गया 12 हजार क्यूसेक पानी
लगातार हो रही बारिश के कारण मंडी स्थित पंडोह डैम से शुक्रवार सुबह 12 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। प्रशासन ने ब्यास नदी के आसपास रहने वाले स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
नागरिकों के लिए 01905-226201 से 226204 और टोल-फ्री नंबर 1077 उपलब्ध कराए गए हैं। मौसम विभाग ने अगस्त के पहले हफ्ते में भारी बारिश, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की पूरी जानकारी लेने के बाद ही यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।