हिमाचल पुलिस बैंड की महिला सिंगर अस्पताल में भर्ती, बॉडी शेमिंग और मानसिक उत्पीड़न के लगाए गंभीर आरोप

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में चल रहा विवाद अब काफी बढ़ गया है। पुलिस बैंड ‘हारमनी ऑफ पाइन्स’ की सिंगर और महिला कांस्टेबल दीपिका को मानसिक तनाव की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने रोते हुए अपना दर्द साझा किया और न्याय की गुहार लगाई है।

शिमला के भराड़ी निवासी गायक गोपी जैक्स ने बीते दिनों एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की थी। इस दौरान उन्होंने पुलिस बैंड के निलंबित इंस्पेक्टर विजय कुमार और दो महिला सिंगरों पर कई गंभीर आरोप लगाए। इसके बाद पीड़ित महिला कांस्टेबलों ने शिमला के बीसीएस थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है।

- Advertisement -

अपनी शिकायत में महिला पुलिसकर्मियों ने कार्यस्थल पर मानसिक उत्पीड़न, मानहानि और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि साल 2019-20 में उनकी भर्ती नियमानुसार हुई थी। इसके बावजूद 29 जुलाई 2026 को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके उनकी छवि को खराब करने की कोशिश की गई।

महिला सिंगर ने लगाया बॉडी शेमिंग और जासूसी का आरोप

महिला कांस्टेबल का आरोप है कि प्रेस वार्ता में उनकी शारीरिक बनावट का मजाक उड़ाया गया। गोपी जैक्स ने कहा कि उनका वजन 120 किलोग्राम है और वह एक फीट भी नहीं कूद सकती हैं। इस टिप्पणी से उन्हें गहरा मानसिक आघात पहुंचा है और सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ा है।

अस्पताल में भर्ती दीपिका ने बताया कि इंस्पेक्टर विजय कुमार के सस्पेंड होने के बाद एक एसपी स्तर के अधिकारी द्वारा उन्हें लगातार डराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके फोन सर्विलांस पर रखकर जासूसी की जा रही है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस पूरे मामले पर राज्य की राजनीति भी गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के इशारे पर यह सब हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में ही महिला कर्मचारी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं।

- Advertisement -
Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News