Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला स्थित चौपाल उपमंडल के प्रसिद्ध बिजट महाराज मंदिर पबास में हुई चोरी के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने मंदिर से चोरी हुए सोने के सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मंदिर के खजाने का मुख्य रक्षक ही इस चोरी का मास्टरमाइंड निकला।
ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
मंदिर से सोने के आभूषण गायब होने का पता चलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। डिम्मो निवासी श्याम लाल तथा टियाड़ी निवासी विरेंद्र सिंह और प्रकाश चंद ने पुलिस को सौंपी शिकायत में मंदिर के भंडारी देविंद्र सिंह पर गहने चुराकर बेचने का सीधा आरोप लगाया था।
शिकायत मिलते ही पुलिस थाना चौपाल में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी भंडारी के कब्जे से चोरी किए गए सभी स्वर्ण आभूषण बरामद कर लिए। इसके बाद आरोपी को धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किया गया।
मामले की गहन जांच में जुटी पुलिस टीम
पुलिस आरोपी भंडारी को नोटिस देकर हिरासत में पूछताछ कर रही है। जांच टीम इस बात का पता लगा रही है कि इस चोरी में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। साथ ही इन पवित्र आभूषणों को किसे बेचा जाना था, इसकी भी पड़ताल जारी है। घटना के बाद से पूरे इलाके में गहरा आक्रोश है।