Hamirpur News: साई एनसीओई हमीरपुर के चार प्रतिभाशाली पहलवान खिलाड़ियों को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में युवा सेवाएं एवं खेल विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में इन अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
खिलाड़ियों को मिली कुल 12 लाख 60 हजार रुपये की पुरस्कार राशि
समारोह के दौरान रेसलर नवीन कुमार को चार लाख 60 हजार रुपये, ओलंपियन विजय कुमार को चार लाख रुपये, नैंसी ठाकुर को तीन लाख रुपये और रजत कुमार को एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। इस प्रकार साई एनसीओई हमीरपुर के इन चारों पहलवानों को कुल 12 लाख 60 हजार रुपये की पुरस्कार राशि से नवाजा गया। इस अवसर पर खेल मंत्री यादविंद्र गोमा सहित कई अन्य मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अधिकारियों और कोच ने दी बधाई
साई एनसीओई हमीरपुर की इंचार्ज दिव्या तिवारी शर्मा ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले चारों पहलवानों के साथ-साथ परशुराम अवार्डी, अंतरराष्ट्रीय पहलवान एवं अंतरराष्ट्रीय रेसलिंग कोच जॉनी चौधरी को भी इस उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।