Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में शारदीय नवरात्र के मौके पर एक परिवार में बेटी के जन्म का जश्न बेहद अनोखे अंदाज में मनाया गया। धनोटू विकास खंड की अपर बैहली पंचायत में ललित चौहान और सिमरन के घर वर्षों की मन्नतों के बाद नन्हीं परी ने कदम रखे हैं।
गुटकर के अस्पताल से थार के काफिले में हुई गृह वापसी
गुटकर स्थित मांडव अस्पताल में नौ अक्टूबर को जन्मी इस बच्ची के स्वागत के लिए परिवार ने शानदार थार गाड़ी को फूलों और गुब्बारों से सजाया था। ढोल-नगाड़ों की थाप पर परिजनों ने बच्ची का घर में स्वागत किया। इस भावुक पल को देखकर परिवार के बुजुर्गों की आंखें खुशी के आंसुओं से नम हो गईं।
घर के मुख्य द्वार पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बच्ची के चरणों से कलश छुआया गया। पूरे रास्ते को आकर्षक रंगोली और ताजे फूलों से सजाया गया था। छह भाइयों वाले इस भरे-पूरे परिवार में लंबे समय बाद बेटी की किलकारी गूंजी है, जिससे पूरे इलाके में दिवाली जैसा उत्साह देखने को मिला।
परिवार ने माना मां दुर्गा का साक्षात रूप और आशीर्वाद
दादा कमल किशन, दादी हेमलता, नाना नरेंद्र कुमार और नानी सोनू ने नवरात्र के पहले दिन बेटी के आगमन को देवी का वरदान बताया। माता-पिता ने कहा कि यह लाडली उनके जीवन का सबसे अनमोल तोहफा है। इस खुशी में शामिल होने के लिए रिश्तेदार दूर-दूर से पहुंचकर नवजात को अपना आशीर्वाद दे रहे हैं।
