Shimla News: हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर तक राज्य में अंधड़ और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में बीते चौबीस घंटों में औसत न्यूनतम तापमान में 2.1 डिग्री की भारी गिरावट आई है। यह सामान्य से करीब 0.9 डिग्री नीचे पहुंच गया है। हालांकि सोमवार को राजधानी शिमला और मनाली सहित कई इलाकों में मौसम साफ रहा और अच्छी धूप खिली।
तापमान के आंकड़ों की बात करें तो कुकुमसेरी सबसे ठंडा रहा, इसके बाद केलांग में 0.7 और ताबो में 1.4 डिग्री दर्ज हुआ। कल्पा में 6.0, कुफरी में 7.1, मनाली में 7.4 और शिमला में 10.0 डिग्री रहा। धर्मशाला में 16.6 और पांवटा साहिब में तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
बीते चौबीस घंटों के दौरान मंडी जिले के नेरी में सबसे ज्यादा 40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कांगड़ा में 31.2, कसौली में 30 और सराहन में 18.7 मिलीमीटर पानी बरसा। इसके अलावा धर्मशाला, सोलन, केलांग, बिलासपुर और शिमला समेत राज्य के कई हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
पहाड़ों पर हुए हिमपात से पूरे प्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 अक्टूबर तक राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब रहेगा। इस दौरान ऊंचे पर्वतीय इलाकों में और बर्फबारी हो सकती है, जबकि निचले क्षेत्रों में तेज हवाएं चलेंगी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 16 और 17 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर मौसम खराब रहने की संभावना है। हालांकि इन दो दिनों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। विभाग ने 18 अक्टूबर से पूरे राज्य में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान जताया है।
