Mandi News: धर्मपुर में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अपने अंदरूनी संकट में उलझी है। बिंदल ने दावा किया कि अगले वर्ष सितंबर तक चुनाव की घोषणा होगी, जिसमें पार्टी कार्यकर्ता अपनी मेहनत से बड़ी जीत दर्ज कराएंगे।
चुनावी गारंटियों की नाकामी बूथ स्तर तक ले जाने की अपील
प्रदेश सरकार को घेरते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने के लिए झूठी गारंटियां दी थीं। महिलाओं को हर महीने मिलने वाले 1500 रुपये और परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा अधूरा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर पर जाकर लोगों को सरकार की असलियत बताएं।
डॉ. बिंदल ने पंचायती राज चुनावों का उल्लेख करते हुए बताया कि क्षेत्र के 63 में से 44 प्रधान और अन्य प्रतिनिधि पार्टी विचारधारा से जीते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से धर्मपुर से रजत ठाकुर को जिताने का आह्वान किया। बिंदल ने कहा कि पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की सख्त जरूरत है।
आपदा के समय का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि संकट के दौरान स्थानीय विधायक और सत्तारूढ़ नेता जनता के बीच नहीं दिखे। केवल पूर्व मंत्री और रजत ठाकुर ही प्रभावित लोगों की मदद में सक्रिय रहे। संवाद कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह और पूर्व प्रत्याशी रजत ठाकुर ने भी अपने विचार साझा किए।