Lahaul-Spiti News: बर्फ से ढकी पहाड़ियों, शिंकुला दर्रे और सिस्सू की वादियों का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी अटल टनल पार कर लाहुल पहुंच रहे हैं। पुलिस आंकड़ों के अनुसार तय अवधियों में 1,55,556 वाहनों की आवाजाही दर्ज हुई, जबकि डीएसपी केलांग ने पर्यटकों से नियमों के पालन की अपील की है।
बर्फ से ढकी पहाड़ियां, सफेद चादर में लिपटा शिंकुला दर्रा और सिस्सू की खूबसूरत वादियां लाहुल-स्पीति का यह प्राकृतिक नजारा पर्यटकों को अपनी ओर खींच रहा है। अटल टनल के जरिए सैलानियों के वाहनों की आवाजाही लगातार जारी है और एक सप्ताह में सर्वाधिक 29,156 वाहन लाहुल पहुंचे।
लाहुल-स्पीति पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक 21 सितंबर से 21 नवंबर तक की दो अलग-अलग अवधियों में कुल 1,55,556 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार 21 से 27 सितंबर तक 22,266 वाहन अटल टनल पार कर लाहुल पहुंचे। इसके बाद 28 सितंबर से चार अक्तूबर तक पर्यटकों की आवाजाही ने जोर पकड़ा और एक सप्ताह में सर्वाधिक 29,156 वाहन दर्ज किए गए। पांच से 11 अक्तूबर तक 20,175 वाहन लाहुल पहुंचे।
12 से 18 अक्तूबर के बीच यह संख्या घटकर 15,413 रही, जबकि 19 से 25 अक्तूबर तक फिर बढ़ोतरी के साथ 19,691 वाहन दर्ज किए गए। 26 अक्तूबर से पहली नवंबर तक 15,858 और दो से आठ नवंबर तक 12,310 वाहन टनल पार कर लाहुल पहुंचे।
नवंबर के तीसरे सप्ताह के आंकड़े भी पर्यटन गतिविधियों की तस्वीर पेश करते हैं। 15 नवंबर को 5,175 वाहन लाहुल पहुंचे। इसके बाद 16 नवंबर को 4,275, 17 नवंबर को 2,562, 18 नवंबर को 2,421, 19 नवंबर को 2,182 और 20 नवंबर को 1,980 वाहन दर्ज किए गए। 21 नवंबर को 2,092 वाहन टनल पार कर गए। इन सात दिनों में कुल 20,687 वाहनों की आवाजाही दर्ज हुई, जबकि 22 से 26 नवंबर तक भी काफी संख्या में पर्यटक वाहन अटल टनल पार पहुंचे।
पुलिस गाइडलाइन का पालन करें सैलानी
पर्यटकों की आवाजाही से स्थानीय होटल, होम स्टे, टैक्सी संचालकों, ढाबा और अन्य छोटे कारोबारियों को भी रोजगार मिलता है। डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने पर्यटकों से अपील की है कि बर्फीले क्षेत्रों की सैर के दौरान यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सैलानी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा करें तथा पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन कर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करें।