शालाघाट में भाजपा का जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह, जयराम ठाकुर और राजीव बिंदल ने सरकार को घेरा

Share

- Advertisement -

Solan News: अर्की मंडल के शालाघाट में आयोजित पंचायती राज एवं नगर निकाय जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफी व आर्थिक कुप्रबंधन के आरोप लगाए। समारोह में सांसद सुरेश कश्यप सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे और संगठन ने एकजुटता का संदेश दिया।

भारतीय जनता पार्टी अर्की मंडल की ओर से शालाघाट स्थित अर्जुन खेल मैदान में पंचायती राज एवं नगर निकाय जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में भाग लिया, जबकि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह में जयराम ठाकुर और राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान दस गारंटियों के जरिए जनता से बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार उन्हें पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने, युवाओं को रोजगार देने और 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने के वादों का जिक्र करते हुए कहा कि ये मुद्दे आज भी जनता के बीच सवाल बने हुए हैं।

जयराम ठाकुर ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार आर्थिक प्रबंधन में नाकाम रही है और लगातार कर्ज लेकर कामकाज चला रही है। जयराम ठाकुर ने पूर्व भाजपा सरकार के समय खोले गए स्कूलों, स्वास्थ्य संस्थानों और अन्य सरकारी कार्यालयों को बंद करने के फैसले पर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को व्यापक जनसमर्थन मिला है और लगभग 75 प्रतिशत प्रत्याशियों की जीत से संगठन को मजबूती मिली है।

विकास कार्यों में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका अहम

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की सबसे मजबूत आधारशिला हैं। गांव और शहर के स्तर पर जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं समझने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में प्रधानों, उपप्रधानों, वार्ड सदस्यों और नगर निकाय प्रतिनिधियों की अहम भूमिका रहती है।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उनके प्रयासों से ही विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच पाता है।

भाजपा नेताओं ने दिखाई संगठनात्मक एकजुटता

इस समारोह के माध्यम से भाजपा ने अर्की विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रतन सिंह पाल, पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा, केएल ठाकुर, परमजीत सिंह पम्मी, राजेंद्र ठाकुर, महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष डेजी ठाकुर, प्रतिभा कंवर, राजपाल सिंह, संदीपनी भारद्वाज, आशा परिहार, मीनाक्षी ठाकुर, रीना भारद्वाज, राजेश महाजन और राकेश ठाकुर सहित विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News