Kangra News: कांगड़ा जिले के नूरपुर में बीते 25 जुलाई को दो महिलाओं के साथ हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नूरपुर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस घटना को सांप्रदायिक रंग देने वाली अफवाहों का सख्ती से खंडन किया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह मामला पूरी तरह से कानून व्यवस्था से जुड़ा है। घटना में कथित तौर पर चेन स्नेचिंग के बाद भीड़ ने महिलाओं के साथ मारपीट की थी। पुलिस ने कहा कि इस घटना का किसी भी धर्म या समुदाय से कोई लेना-देना नहीं है।
मारपीट करने वालों और आरोपी महिलाओं दोनों पर दर्ज हुआ केस
पुलिस ने मारपीट करने वालों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज किया है। जांच में सामने आया कि पीड़ित महिलाओं का आपराधिक रिकॉर्ड है और उन पर पंजाब में एनडीपीएस, चोरी व स्नेचिंग के मामले दर्ज हैं। इन पर भी स्नेचिंग का केस दर्ज हुआ है।
नूरपुर पुलिस दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच कर रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि बिना पुष्टि के अफवाहें शेयर न करें। भड़काऊ खबरें फैलाकर माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।