Kangra News: हिमाचल प्रदेश में बेसहारा पशुओं का खौफ बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला जिला कांगड़ा के फतेहपुर उपमंडल से सामने आया है, जहां शनिवार सुबह एक बेसहारा सांड ने हमला कर 60 वर्षीय बुजुर्ग की जान ले ली। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।
घर के बाहर टहल रहे बुजुर्ग पर सांड ने किया हमला
मृतक की पहचान फतेहपुर निवासी दीप राज (60) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह दीप राज अपने घर के बाहर से गुजर रहे थे, तभी अचानक एक बेसहारा सांड ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। सांड का सींग सीधे उनके पेट में लग गया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने गंभीर हालत में दीप राज को तुरंत सिविल अस्पताल फतेहपुर पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिहाड़ी मजदूरी से परिवार का गुजर-बसर करते थे मृतक
मृतक दीप राज दिहाड़ी मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ भारी रोष है। लोगों का आरोप है कि बेसहारा पशुओं की समस्या से निपटने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।