इंदौरा के सूरजपुर चौक पर बंद दुकान के बरामदे में मिला 50 वर्षीय व्यक्ति का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

Share

- Advertisement -

Kangra News: जिला कांगड़ा के उपमंडल इंदौरा के तहत सूरजपुर चौक के समीप एक बंद दुकान के बरामदे में करीब 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक पिछले दो-तीन वर्षों से क्षेत्र में रहकर भिक्षाटन कर गुजारा करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व शिनाख्त के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है।

कांगड़ा जिले के इंदौरा क्षेत्र में गुरुवार को सूरजपुर चौक के पास एक बंद दुकान के बाहर शव देखे जाने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक पिछले करीब 2-3 वर्षों से सूरजपुर और मोहटली क्षेत्र में घूमता था और भीख मांगकर अपना जीवनयापन कर रहा था। स्थानीय लोग उसे ‘बाबा’ कहकर पुकारते थे, लेकिन उसके वास्तविक नाम और पते की जानकारी किसी के पास नहीं थी।

शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं

दुकान के बरामदे में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की चोट या खरोंच के निशान नहीं पाए गए हैं।

इसके साथ ही पुलिस ने आसपास के दुकानदारों और स्थानीय ग्रामीणों से भी पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी उसकी मौत को लेकर किसी प्रकार का संदेह जाहिर नहीं किया। घटनास्थल और शव की तलाशी के दौरान भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

72 घंटे तक शवगृह में रखा जाएगा शव

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर भेज दिया है। मृतक की सही पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव को नियमानुसार 72 घंटे तक नूरपुर अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा जाएगा।

एएसपी धर्म चंद वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी नजदीकी थानों और चौकियों को भी अज्ञात व्यक्ति का हुलिया भेजकर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News