Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखी करने वाली खबर सामने आई है। नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रहे और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता चौधरी राम चंद भाटिया का 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्होंने टांडा मेडिकल कॉलेज में अंतिम सांस ली।
लंबी बीमारी के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज में ली अंतिम सांस
पूर्व विधायक और प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य रहे चौधरी राम चंद भाटिया काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। सेहत बिगड़ने के कारण उन्हें इलाज के लिए टांडा स्थित राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। बुधवार दोपहर तीन बजे के करीब उन्होंने अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।
पूर्व विधायक अरुण कुमार मेहरा ने व्यक्त किया गहरा शोक
नगरोटा बगवां के पूर्व विधायक अरुण कुमार मेहरा (कूका) ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा कि रामचंद भाटिया जी का जाना क्षेत्र के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा जनता की सेवा, क्षेत्र के विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए काम किया।
अरुण कुमार मेहरा ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दे। उनके सादगी भरे जीवन, समाज के प्रति समर्पण और लोगों से सीधे जुड़ाव को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
दिग्गज नेताओं ने जताया दुख और दी भावभीनी श्रद्धांजलि
हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी भाटिया के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि रामचंद भाटिया जी का जाना एक अपूरणीय क्षति है। इसके अलावा कांगड़ा की पूर्व मंत्री सरवीन चौधरी ने भी 19 जुलाई को अस्पताल जाकर उनका हाल-चाल जाना था और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी।