Kangra News: धर्मशाला स्थित प्रसिद्ध त्रिउंड ट्रैक पर वीकेंड में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने के बाद वन विभाग ने अहम फैसला लिया है। पर्यावरण संरक्षण और कैरिंग कैपेसिटी को ध्यान में रखते हुए अब प्रतिदिन अधिकतम एक हजार पर्यटकों को ही जाने की अनुमति मिलेगी।
वीकेंड पर 1700 पर्चियां कटने के बाद लिया गया फैसला
लंबे वीकेंड के दौरान त्रिउंड ट्रैक पर भारी भीड़ जुटने से व्यवस्था बिगड़ गई थी। करीब 1700 पर्चियां कटने और सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। भीड़ बढ़ने से सफाई, अपशिष्ट प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की चिंता जताई जा रही थी।
बिना अनुमति या अधिक संख्या ले जाने पर लगेगा जुर्माना
वन विभाग के अनुसार अब टूर ऑपरेटर्स को भी तय सीमा के मुताबिक ही पर्चियां दी जाएंगी। डीएफओ धर्मशाला अमित शर्मा ने स्पष्ट किया कि बिना पर्ची ट्रैक पर जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर वन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई और भारी जुर्माने का कड़ा प्रावधान किया गया है।
डे ट्रैक और नाइट स्टे के लिए तय है निर्धारित शुल्क
पर्यटन नगरी का यह लोकप्रिय ट्रैक प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है। वन विभाग ने यहां दिन के ट्रैक के लिए 100 रुपये और रात में ठहरने के लिए 275 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित किया हुआ है। विभाग ने सभी पर्यटकों और स्थानीय गाइडों से नए नियमों का पालन करने की अपील की है।