धर्मशाला डिग्री कॉलेज में मिले 20 रसल वाइपर सांप, वन विभाग की रैपिड रिस्पॉन्स टीम ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

Share

- Advertisement -

Dharamshala News: धर्मशाला डिग्री कॉलेज परिसर में एक साथ 20 जहरीले रसल वाइपर सांप मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही धर्मशाला वन विभाग की रैपिड रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी सांपों को कॉलेज परिसर से सुरक्षित रेस्क्यू किया।

वन विभाग के अनुसार रेस्क्यू किए गए सांपों में 1 मादा रसल वाइपर और उसके 19 बच्चे शामिल हैं। धर्मशाला के डीएफओ संजीव सिंह ने बताया कि कॉलेज प्राचार्य की सूचना पर टीम तुरंत मौके पर भेजी गई थी, जिसने बिना किसी नुकसान के सभी सांपों को पकड़ लिया।

3 वर्षों में वन विभाग ने किया 250 सांपों का रेस्क्यू

डीएफओ संजीव सिंह ने बताया कि पिछले तीन सालों में रैपिड रिस्पॉन्स टीम ने कुल 250 सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है, जिनमें से 68 सांप इसी वर्ष पकड़े गए हैं। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में सांपों की 20 से अधिक प्रजातियां पाई जाती हैं, जिनमें 4 बेहद जहरीली होती हैं।

डीएफओ ने कांगड़ा जिले के लोगों से अपील की है कि सांप दिखने पर उसे मारें नहीं, बल्कि सुरक्षित दूरी बनाकर रखें। उन्होंने लोगों को तुरंत नजदीकी वन विभाग कार्यालय में सूचना देने, घरों के आसपास साफ-सफाई रखने और ब्लीचिंग पाउडर का प्रयोग करने की सलाह दी है।

रैपिड रिस्पॉन्स टीम के लिए चुनौतीपूर्ण रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

रेस्क्यू अभियान की अगुवाई करने वाले डिप्टी रेंजर अजय भाटिया ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम जरूरी उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने बताया कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में रसल वाइपर सांपों को पकड़ना उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण कार्य था।

सफलतापूर्वक रेस्क्यू के बाद सभी सांपों को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया है। वन विभाग ने जिलावासियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9817373148 भी जारी किया है, ताकि किसी भी वन्यजीव के दिखने पर लोग तुरंत विभाग से संपर्क कर सकें।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News