Kangra News: उपमंडल जवाली में करोड़ों रुपये की लागत से बना बस अड्डा अनदेखी के कारण बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। 80 सरकारी और निजी बसों के रूट होने के बावजूद बसें यहां नहीं आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों और बाजार पर असर पड़ रहा है। लोगों और पूर्व पार्षद ने सुधार की मांग की है, जबकि आरएम ने मरम्मत और चारदीवारी की बात कही है।
उपमंडल जवाली में हिमाचल प्रदेश बस अड्डा प्रबंधन एवं प्राधिकरण बस अड्डा जवाली का निर्माण हुआ था, लेकिन विडंबना है कि आज तक यह बस अड्डा बसों के दीदार को तरसता है। इसका शिलान्यास 19 जनवरी, 2004 को तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा किया गया था, जबकि इसका उद्घाटन 15 अगस्त, 2009 को तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने किया था।
आजतक बस अड्डा जवाली अनदेखी का शिकार होता रहा है। मौजूदा समय में बस अड्डा जवाली खंडहर बनकर रह गया है।
सुविधाओं का अभाव और बदहाली के हालात
बस अड्डा जवाली में न तो दिन को अड्डा इंचार्ज दिखाई देता है और न ही रात को कोई चौकीदार यहां इसकी देखरेख के लिए होता है। यहां सवारियों के बैठने तथा पानी पीने की कोई व्यवस्था नहीं है।
बिजली के सारे बोर्ड व स्विच टूटे हुए हैं, दीवार का रंग उखड़ चुका है, दरवाजे व खड़कियां सड़ चुकी हैं, पंखे टूटे हुए हैं, बिजली की ट्यूब्स टूटी हुई हैं, टाइलें टूट गई हैं तथा दीवारों पर बट वृक्ष उग आए हैं। पानी की टंकियां खुली पड़ी हैं व कैंपस में भी सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है।
हर तरफ कूड़ा ही कूड़ा बिखरा पड़ा है तथा ग्राउंड भी कच्चा है। बस अड्डा जवाली पियक्कड़ों की शरणस्थली बना हुआ है, जिसमें आज तक सीसीटीवी कैमरों का भी प्रावधान नहीं है। आज तक इस बस अड्डा को चारदीवारी भी नहीं लग पाई है और इसके साथ निर्मित तीन दुकानों को भी आजतक खोला नहीं गया है।
80 बसों के रूट पर अनदेखी, बाजार पर असर
लोगों को मलाल है कि बस अड्डा जवाली की सुध नहीं ली जा रही है। मौजूदा समय में बस अड्डा जवाली में इक्का-दुक्का बसों के ही दर्शन होते हैं, जिस कारण जवाली बाजार का अस्तित्व खत्म होता जा रहा है।
80 सरकारी व निजी बसों का रूट बस अड्डा जवाली तक है, लेकिन बसें यहां पर आती ही नहीं हैं। लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कृषि मंत्री चौधरी चन्द्र कुमार से मांग की है कि बस अड्डा जवाली की सुध ली जाए, ताकि यह खंडहर होने से बच सके।
पूर्व पार्षद और आरएम की प्रतिक्रिया
पूर्व पार्षद रवि कुमार ने कहा कि बस अड्डा जवाली का निर्माण करोड़ों की लागत से हुआ है, लेकिन इसकी दुर्दशा हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार भी इसकी अनदेखी कर रहे हैं। उनके अनुसार यहां पर न तो अड्डा इंचार्ज दिखाई देता है और न ही रात्रि ड्यूटी पर कोई कर्मी दिखाई देता है।
इस बारे में आरएम पठानकोट विजय कुमार ने बताया कि बस अड्डा जवाली की सफाई के लिए नगर परिषद जवाली को पत्र लिखा जाएगा तथा इसकी रिपेयर करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इसको चारदीवारी भी लगवाई जाएगी, ताकि कोई भी पशु अंदर न घुस पाए।