हिमाचल के सरकारी डिग्री कॉलेजों में विषय शिक्षकों की कमी पर क्लस्टर व्यवस्था से होगी पढ़ाई

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के सरकारी डिग्री कॉलेजों में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने क्लस्टर व्यवस्था लागू की है। अब जिन कॉलेजों में किसी विषय के असिस्टेंट प्रोफेसर नहीं हैं, वहां उसी क्लस्टर के अन्य कॉलेजों से शिक्षक जाकर कक्षाएं लेंगे, डाउट सेशन कराएंगे और उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी करेंगे।

हिमाचल प्रदेश के सरकारी डिग्री कॉलेजों में शिक्षकों की कमी का असर अब विद्यार्थियों की पढ़ाई पर नहीं पड़ेगा। राज्य के जिन कॉलेजों में किसी विषय के असिस्टेंट प्रोफेसर उपलब्ध नहीं हैं, वहां उसी क्लस्टर के दूसरे कॉलेजों में तैनात शिक्षक जाकर विद्यार्थियों की कक्षाएं लगाएंगे। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी सरकारी डिग्री कॉलेजों के क्लस्टर प्रिंसिपलों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।

निदेशालय के अनुसार प्रदेश के कुछ सरकारी डिग्री कॉलेजों में शिक्षण स्टाफ की कमी है और कई कॉलेजों में विशेष विषयों के असिस्टेंट प्रोफेसर ही उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में निर्धारित पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराने, परीक्षाओं के संचालन और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में परेशानी आने की आशंका बनी हुई थी। शिक्षकों की उपलब्धता और कार्यभार को देखते हुए दूसरे कॉलेजों से शैक्षणिक सेवाएं लेने का निर्णय किया गया है, जिससे उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी जिनकी पढ़ाई विषय विशेषज्ञों के अभाव में प्रभावित हो सकती थी।

क्लस्टर प्रिंसिपलों को निगरानी और रिपोर्ट की जिम्मेदारी

विभाग ने क्लस्टर व्यवस्था के माध्यम से कॉलेजों के बीच शैक्षणिक समन्वय मजबूत करने का कदम उठाया है। क्लस्टर प्रिंसिपलों को केवल व्यवस्था बनाने तक सीमित न रखते हुए इसकी नियमित निगरानी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

निर्देशों के तहत सभी क्लस्टर प्रिंसिपलों को विषयवार और कॉलेजवार विवरण सहित अनुपालन रिपोर्ट भेजनी होगी। इस रिपोर्ट में यह जानकारी देनी होगी कि किस कॉलेज में किस विषय के लिए शिक्षक की व्यवस्था की गई और किन शिक्षकों को शैक्षणिक कार्यों के लिए तैनात किया गया है। निदेशालय का उद्देश्य है कि शिक्षक न होने के कारण किसी भी कॉलेज के विद्यार्थियों का शैक्षणिक नुकसान न हो।

समय-सारणी, डाउट सेशन और मूल्यांकन का कार्य

निर्देशों के मुताबिक क्लस्टर प्रिंसिपल संबंधित कॉलेजों के प्रधानाचार्यों से समन्वय कर शिक्षकों की उपलब्धता के अनुसार समय-सारणी तैयार करेंगे। तय व्यवस्था के अनुसार दूसरे कॉलेजों के असिस्टेंट प्रोफेसर संबंधित कॉलेजों में जाकर लेक्चर लेंगे।

कक्षाओं के अलावा विद्यार्थियों के संदेह दूर करने के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन शिक्षकों की सेवाएं परीक्षा उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और अन्य शैक्षणिक कार्यों में भी ली जा सकेंगी।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News