Mandi News: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार देश के संविधान से ऊपर नहीं है। कांग्रेस नेताओं को संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन की आलोचना करते हुए देश में अराजकता न फैलाने की हिदायत दी।
जयराम ठाकुर ने वीरवार को मंडी के इंदिरा मार्केट पार्क में भाजपा महिला मोर्चा के ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ रंगोली कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने महिला मोर्चा की बैठक में भाग लिया। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक इंद्र सिंह, पूर्ण चंद ठाकुर और मंडी मेयर सुमन ठाकुर सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के उपलक्ष्य में देशभर में विभिन्न इवेंट्स आयोजित किए जा रहे हैं। पीएम मोदी ने देश के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम किया है। उन्होंने दावा किया कि देशवासी चाहते हैं कि पीएम मोदी आने वाले सालों में भी देश की कमान संभालें।
इसके बाद जयराम ठाकुर अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज की ग्राम पंचायत खारसी के थाची पहुंचे। वहां उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास की स्मृति में आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ में भाग लिया। इस कैंपेन का मुख्य उद्देश्य गुरु रविदास जी के सामाजिक समरसता, भाईचारे और समानता के पावन संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम में जनता को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि गुरु रविदास जी के विचार आज भी समाज के लिए बेहद प्रासंगिक हैं। उनकी शिक्षाएं जाति-पात से ऊपर उठकर एक सशक्त और एकजुट समाज बनाने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने सभी लोगों से समाज में शांति, समरसता और समानता का माहौल मजबूत करने की अपील की।