Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) ने शिक्षा विभाग में स्पेशल एजुकेटर के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट (CBT) के परिणाम जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी अपना रिजल्ट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।
प्री-प्राइमरी से पांचवीं तक के 108 पदों का परिणाम जारी
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि स्पेशल एजुकेटर (प्री-प्राइमरी से 5वीं कक्षा) के 108 पदों को भरने के लिए पोस्ट कोड-25022 के तहत परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर 290 अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) के लिए चयनित किया गया है।
चयनित अभ्यर्थियों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रक्रिया 20 अगस्त को सुबह 10 बजे से आयोग के परिसर में शुरू होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को वेरिफिकेशन प्रक्रिया का बुलावा पत्र अलग से डाक द्वारा नहीं भेजा जाएगा, बल्कि इसकी जानकारी उनके पंजीकृत ईमेल आईडी पर उपलब्ध कराई जाएगी।
छठी से बारहवीं कक्षा के पदों के लिए DV प्रक्रिया 26 अगस्त से
स्पेशल एजुकेटर (6वीं से 12वीं कक्षा) के 83 पदों के लिए पोस्ट कोड-25023 के तहत आयोजित सीबीटी में 179 उम्मीदवारों को शार्टलिस्ट किया गया है। इन अभ्यर्थियों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 26 अगस्त को सुबह 10 बजे से आयोग परिसर में आयोजित किया जाएगा। इसकी सूचना भी ईमेल पर दी जाएगी।
अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय अपने साथ सभी आवश्यक मूल प्रमाणपत्र, उनकी सेल्फ अटेस्टेड फोटोकॉपी के दो सेट, डाउनलोड किए गए आवेदन पत्र की कॉपी और वैध आईडी प्रूफ लाना अनिवार्य है। निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले उम्मीदवारों को दूसरा मौका नहीं मिलेगा।