वाल्मीकि जयंती पर सीएम सुक्खू का बड़ा ऐलान, मंदिर के लिए 25 लाख और गरीबों को पक्के मकान के लिए मिलेंगे 3 लाख

Share

- Advertisement -

Shimla News: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर शिमला के कृष्णा नगर स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर में पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर के विकास कार्य के लिए 25 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने और वाल्मीकि समुदाय के लिए ‘महर्षि वाल्मीकि कामगार आवास योजना’ शुरू करने की घोषणा की।

पक्के मकान के लिए मिलेगी 3 लाख रुपये की वित्तीय सहायता

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के समावेशी विकास और उत्थान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में ‘महर्षि वाल्मीकि कामगार आवास योजना’ की घोषणा की गई है, जिसके तहत समुदाय के पात्र स्वच्छता कर्मियों को पक्का घर बनाने के लिए 3 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।

इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए और उनके पास पहले से कोई स्थायी घर नहीं होना चाहिए। सरकार द्वारा कृष्णा नगर में परिवारों का सर्वेक्षण भी करवाया जा रहा है, ताकि एक व्यापक कल्याणकारी योजना तैयार की जा सके।

महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों और समावेशी विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण आज भी सत्य, न्याय, करुणा और कर्तव्य का मार्ग दिखाती है। उन्होंने दोहराया कि वर्तमान सरकार संविधान के मूल्यों को ध्यान में रखते हुए हर नागरिक को सामाजिक न्याय और समानता दिलाने के लिए कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान सीएम सुक्खू ने कृष्णा नगर में एक चिकित्सा शिविर का भी उद्घाटन किया और समुदाय के लोगों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News